मोबाईल में तेज म्यूजिक सुन रहा था पति, पत्नी ने रोका तो चेहरे पर तेजाब डाल दिया

बेंगलुरु, 24 मई 2025
कर्नाटक के बेंगलुरु में मोबाईल फोन में म्यूजिक सुनने की मामूली बात में विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी पत्नी के ऊपर तेजाब डाल दिया। पुलिस ने मामले में शनिवार को बताया कि यह घटना 19 मई को उत्तरी बेंगलुरु के सिद्दहल्ली स्थित एनएमएच लेआउट में घटी।
घटना में 44 वर्षीय महिला के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं और अब वह खतरे से बाहर बताई जा रही है। वह यहां एक अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के मुताबिक, पेशे से ब्यूटीशियन महिला ने आरोप लगाया है कि रात करीब 9 बजे उसके पति ने उससे शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे नहीं मांगे तो उसने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। इसके बाद पति घर से चला गया। बाद में वह जब शराब पीकर घर आया और अपने मोबाइल फोन पर तेज आवाज में गाने बजाने लगा तो महिला ने उससे आवाज धीमी रखने को कहा तो उसने मना कर दिया। इससे दंपत्ति के बीच बहस हुई। इसके बाद पति बाथरूम से टॉयलेट एसिड क्लीनर की बोतल लाया और कथित तौर पर उसके सिर और चेहरे पर डाल दिया।
पुलिस ने बताया कि जब वह मदद के लिए चिल्लाने लगी तो वह मौके से भाग गया। पीड़िता को पड़ोसियों ने अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पति की तलाश की जा रही है।






