श्रेयस अय्यर की चोट पर बड़ा अपडेट: दो महीने रहेंगे मैदान से बाहर, खुद कही ये बात
अय्यर की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। क्रिकेट प्रेमियों को अब उनकी फिटनेस रिपोर्ट और वापसी की तारीख का बेसब्री से इंतजार है।
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर 2025:
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर इन दिनों मैदान से दूर हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच में कैच पकड़ते समय उनकी पसलियों में गंभीर चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें इंटरनल ब्लीडिंग की समस्या हुई, जिसके चलते कुछ दिनों तक उन्हें आईसीयू में भर्ती रहना पड़ा।

हालांकि अब राहत की खबर है। श्रेयस अय्यर की हालत में काफी सुधार हुआ है और वह आईसीयू से डिस्चार्ज होकर घर पर आराम कर रहे हैं। टीम इंडिया के सूत्रों के मुताबिक, अय्यर को कम से कम दो महीने तक आराम की सलाह दी गई है। इस वजह से वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उनका खेलना भी संदिग्ध माना जा रहा है, क्योंकि उस वक्त तक वह पूरी तरह फिट और प्रैक्टिस में नहीं होंगे।
अय्यर का नाम 2026 टी20 वर्ल्ड कप टीम से भी लगभग बाहर माना जा रहा है। वह पहले से ही टी20 टीम का हिस्सा नहीं थे, और अब चोट के चलते वापसी की उम्मीदें और धुंधली हो गई हैं। वर्ल्ड कप फरवरी 2026 में खेला जाएगा, ऐसे में अय्यर के पास खुद को साबित करने का पर्याप्त समय नहीं बचेगा।
अपनी रिकवरी के बीच श्रेयस अय्यर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए फैंस को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा “मैं अभी रिकवरी प्रोसेस में हूं और हर गुजरते दिन के साथ बेहतर हो रहा हूं। मुझे जो शुभकामनाएं और समर्थन मिला है, उसे देखकर मैं बहुत आभारी हूं। यह मेरे लिए सचमुच बहुत मायने रखता है। मुझे याद रखने के लिए धन्यवाद।”






