लखनऊ, 27 जनवरी 2026:
यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमिशन (यूजीसी) के नए नियमों को लेकर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विरोध तेज होता जा रहा है। मंगलवार शाम राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज स्थित परिवर्तन चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध जताने के लिए अपने आधे कपड़े उतार दिए जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यूजीसी के नए नियमों ने छात्रों और शिक्षण संस्थानों को नंगा कर दिया है। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक यूजीसी अपने नियम वापस नहीं लेता तब तक उनका विरोध जारी रहेगा और वे इसी तरह प्रदर्शन करते रहेंगे। कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘यूजीसी हटाओ’ और ‘यूजीसी रोल बैक’ लिखी तख्तियां थीं।

प्रदर्शनकारियों ने परिवर्तन चौक से विधानसभा की ओर कूच करने की कोशिश की। हालात को देखते हुए पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बावजूद कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और ‘यूजीसी हाय-हाय’ के नारे लगाते रहे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
इस प्रदर्शन में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह के साथ विकास सिंह, जितेंद्र सिंह परिहार, विनीत सिंह, अवधेश प्रताप सिंह, संदीप सिंह, अमर सिंह, पुष्पराज सिंह, मुरारी सिंह, रवि सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इससे पहले दिन में लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्र सड़क पर उतर आए थे। छात्रों ने लखनऊ विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन कर यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने की मांग की थी। यूजीसी के नए नियमों को लेकर असंतोष लगातार गहराता जा रहा है।






