लखनऊ, 2 फरवरी 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय बजट 2026-27 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी विजन का प्रतिबिंब बताया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। इस दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी मौजूद रहे।
सीएम योगी ने कहा कि यह बजट प्रदेश के आम नागरिकों के जीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने वाला है। उन्होंने बताया कि बजट में 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के लिए प्रावधान किया गया है। इससे इन्फ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती मिलेगी। सात नए रेल कॉरिडोर, आयुष सेक्टर के विस्तार और हेल्थ सेक्टर को सुदृढ़ करने जैसे कदम देश और प्रदेश दोनों के लिए दूरगामी साबित होंगे।
‘बजट में ‘नए भारत से विकसित भारत’ की स्पष्ट झलक’
सीएम योगी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट ‘नए भारत से विकसित भारत’ की स्पष्ट झलक दिखाता है। उन्होंने कहा कि हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण, स्टेम (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स) संस्थानों की स्थापना और युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस इंफ्रास्ट्रक्चर, इस बजट को विशेष बनाते हैं।
मुख्यमंत्री ने जीएसटी सुधारों और इनकम टैक्स एक्ट के सरलीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि यह बजट युवा, महिला, किसान और उद्यमी हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह भारत को तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करेगा।

फरवरी में होगा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन
सीएम योगी ने जानकारी दी कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन फरवरी माह में किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं इसका उद्घाटन करेंगे। एरोड्रम लाइसेंस की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में 20 वाटर वे विकसित किए जाएंगे। वाराणसी से हल्दिया वाटर वे पहले ही शुरू हो चुका है, जबकि अयोध्या से हल्दिया तक नए वाटर वे का प्रस्ताव दिया गया है।
‘देश में MSME सेक्टर का नेतृत्व कर रहा यूपी’
उन्होंने कहा कि यूपी देश में MSME सेक्टर का नेतृत्व कर रहा है। केंद्र सरकार द्वारा MSME के लिए रखे गए 10 हजार करोड़ रुपये के फंड का सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा। साथ ही प्रदेश में 22 हजार करोड़ रुपये के डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं, जिससे युवाओं और छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। योगी ने कहा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं, MSME से जुड़े गरीबों और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लाखों लोगों के सपनों को नई उड़ान देगा।
‘PDA सिर्फ एक बहाना है, असली मकसद परिवारवाद को बढ़ावा देना’
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि PDA सिर्फ एक बहाना है, असली मकसद परिवारवाद को बढ़ावा देना है। हमारा परिवार देश का युवा है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और आज भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।






