राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 3 फरवरी 2026:
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में महिलाओं की सुरक्षा और लगातार बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह जोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की कथित विफल कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी मौजूद थीं। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने में पूरी तरह नाकाम रहने का आरोप लगाया और न्याय की मांग को तेज किया।
प्रदर्शन के दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देहरादून में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। पुलिस की लापरवाही के कारण बेटियां असुरक्षित हैं। आए दिन गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। कांग्रेस ने दोषी पुलिस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई, अपराधियों के खिलाफ कड़ी सजा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
यह प्रदर्शन देहरादून के मच्छी बाजार में 2 फरवरी को दिनदहाड़े हुई 23 वर्षीय युवती गुंजन की नृशंस हत्या के बाद किया गया। इस मामले में प्रथम दृष्टया पुलिस की लापरवाही सामने आने पर खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एसएसपी देहरादून ने जांच रिपोर्ट के आधार पर चौकी प्रभारी प्रद्युमन नेगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। क्षेत्राधिकारी नगर की रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि युवती की शिकायत पर समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
आरोपी आकाश कुमार (27) ने चापड़ से हमला कर गुंजन की बेरहमी से हत्या कर दी थी। वह मच्छी बाजार में एक दुकान पर काम करता था और लंबे समय से युवती को परेशान कर रहा था। गुंजन ने 31 जनवरी को खुड़बुड़ा चौकी में आरोपी के खिलाफ धमकियों की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। यदि शिकायत को गंभीरता से लिया जाता, तो यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी। घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है।






