लखनऊ, 2 फरवरी 2026:
लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। दस दिन बाद होने वाली अपनी शादी का कार्ड बांटने निकले युवक की तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसा किसान पथ पर आनंदी वाटर पार्क के पास हुआ। मृतक की पहचान गोपी कुमार (23) के रूप में हुई है, जो गुडम्बा के श्रीकृष्ण पुरवा का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक गोपी की शादी 13 फरवरी को तय थी, जबकि 9 फरवरी को तिलक समारोह होना था। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और रिश्तेदारों का आना जाना शुरू हो चुका था।
मृतक के चाचा राधेलाल ने बताया कि गोपी अपने ममेरे भाई गोविंद के साथ बाइक से शादी का निमंत्रण देने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोपी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल गोविंद को तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
गोपी की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घर में चीख पुकार गूंजने लगी। मृतक के पिता ने बीबीडी थाने में डंपर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है।






