Lucknow City

अंडा दुकानदार निकला हत्या का आरोपी…घर आकर सूझा था बदला लेने का आइडिया, गिरफ्तार

नगराम क्षेत्र में हुई मजदूर ओमप्रकाश की हत्या का खुलासा, आरोपी से अक्सर होती थी कहासुनी, नशे में बेसुध होने का फायदा उठाकर लोहे के पाइप से किया वार

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 25 जनवरी 2026:

नगराम के गुलालखेड़ा में मजदूर ओमप्रकाश की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक अंडा रोल की दुकान चलाने वाले अरविंद ने पुरानी रंजिश के चलते लोहे की रॉड से सिर पर वार कर ओमप्रकाश की हत्या कर दी थी। रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद हुई है।

घर से निकला, रातभर नहीं लौटा, सुबह नहर किनारे मिला शव

गुलालखेड़ा निवासी ओमप्रकाश (22) गुरुवार रात करीब आठ बजे घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह परिजन शारदा नहर की बाई पटरी पर पहुंचे, जहां अंडा रोल की दुकान चलाने वाले अरविंद के तिरपाल के पास ओमप्रकाश की चप्पल मिली। इसके बाद आसपास तलाश की गई तो नहर पटरी के नीचे झाड़ियों के पास ओमप्रकाश का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। मृतक की मां गीता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी।

पुरानी कहासुनी बनी वजह, आए दिन होता था झगड़ा

एडीसीपी रल्ला पल्ली वसन्थ ने बताया कि सर्विलांस सेल और पुलिस टीमों ने टेक्निकल और मैनुअल साक्ष्यों के साथ मुखबिर की सूचना के आधार पर अचली खेड़ा बैराज के पास गुलालखेड़ा निवासी अरविंद कुमार उर्फ अरुण (20) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और गवाहों के बयान में सामने आया कि ओमप्रकाश और अरविंद उर्फ अरुण के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। करीब दो महीने पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, तभी से अरविंद रंजिश रखे हुए था।

नशे की हालत में अकेला पड़ा था, मौका देखकर हमला किया

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गांव के किनारे नहर पटरी पर अंडे का ठेला लगाता है। गुरुवार शाम ओमप्रकाश अपने साथियों मन्नू, मोनू, आशीष गौतम और पवन के साथ उसकी दुकान पर अंडा खाने और शराब पीने आया था। इसी दौरान किसी बात पर तंज कसने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद ओमप्रकाश नशे में इतना ज्यादा हो गया कि घर जाने की हालत में नहीं रहा और वहीं जमीन पर लेट गया। उसके साथियों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं उठा तो सभी धीरे-धीरे घर चले गए। कुछ देर बाद अरविंद भी अपना ठेला समेटकर घर चला गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अरविंद को बदला लेने का मौका दिखा क्योंकि ओमप्रकाश नहर के किनारे अकेला पड़ा था।

आरोपी घर से लोहे की पाइप लेकर झाड़ियों के रास्ते वापस आया और ओमप्रकाश को पटरी से नीचे झाड़ियों में खींचकर ले गया। इसके बाद उसने लोहे की पाइप से ओमप्रकाश के सिर पर कई वार किए और उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह घर लौट गया। एसओ नगराम विवेक चौधरी ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button