Lucknow City

लखनऊ: सरोजनी नगर में भूमाफियाओं का खेल… सरकारी ऊसर और तालाब की जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने उठाई आवाज

सरोजनी नगर क्षेत्र के चंद्रावल गांव में सरकारी जमीन पर भूमाफियाओं के कब्जे का आरोप सामने आया है, जहां शिकायतों के बावजूद निर्माण जारी है। प्रशासन ने जांच टीम गठित कर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया

देवेंद्र प्रताप सिंह

सरोजनी नगर (लखनऊ), 17 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा चंद्रावल में सरकारी ऊसर बंजर, ग्राम पंचायत और सुरक्षित तालाब की भूमि पर दबंग भूमाफियाओं द्वारा कब्जा कर निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि राजस्व अभिलेखों में गडबडी और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर उसे बेचा भी जा रहा है।

5be5cd9a-fee1-4cc2-bfe3-09d6ae95d5ef

स्थानीय ग्रामीणों शैलेंद्र कुमार, अजय यादव, सुधीर यादव, रमन, दीपक सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार तहसील दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि भ्रष्टाचार में लिप्त जिम्मेदार अधिकारी आंख बंद किए हुए हैं, जिसके चलते निर्माण कार्य लगातार जारी है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के प्रधान समेत कुछ अन्य लोग तहसील अधिकारियों और भूमाफियाओं के साथ मिलकर सरकारी भूमि पर निर्माण करा रहे हैं। इसमें ऊसर बंजर भूमि खसरा संख्या 709, 804, 805 और 806, सार्वजनिक मार्ग भूमि खसरा संख्या 273 और आबादी भूमि खसरा संख्या 807, 808, 809 और 810 शामिल है। आरोप है कि सार्वजनिक मार्ग पर दीवार खडी कर दी गई है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो गया है।

0ec54806-5bbc-443f-a8dc-9bba56cde01a

सरोजनी नगर तहसीलदार सुखवीर सिंह ने बताया कि तहसील दिवस या अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों पर लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार की टीम बनाकर जांच कराई जाती है। चंद्रावल के मामले में भी टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया है और जांच रिपोर्ट आने के बाद जमीनी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button