सीतापुर, 3 फरवरी 2026:
डुमरियागंज से हरदोई जा रहा धान की बोरियों से लदा एक ट्रक रामपुर मथुरा-महमूदाबाद मार्ग पर बाबा कुटी पुल के पास कोहरे के चलते अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से किसी की जान नहीं गई।
बताया गया कि ट्रक बाबा कुटी पुल से पहले पहुंचा, सड़क पर बने गहरे गड्ढे में उसका पहिया फंस गया। अचानक तेज झटका लगने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक पहले एक पेड़ से टकराया, इसके बाद पीछे की ओर खिसकते हुए नदी में पलट गया। ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि धान की कई बोरियां नदी में बह गईं।
ट्रक चालक प्रदीप सिंह ने बताया कि जैसे ही पहिया गड्ढे में फंसा, ट्रक बेकाबू हो गया। हालात बिगड़ते देख उसने ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। ट्रक में सवार कंडक्टर भी सुरक्षित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाबा कुटी पुल से पहले सड़क पर बना यह गहरा गड्ढा लंबे समय से हादसों को दावत दे रहा है। कई बार पीडब्ल्यूडी से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी जगह पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कई बार पुल की रेलिंग टूट चुकी है, लेकिन इसके बावजूद गड्ढा नहीं भरा गया।






