लखनऊ, 1 दिसंबर 2025:
संसद का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख एवं यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इस सत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण उम्मीदों और चिंताओं को सामने रखा।
मायावती ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी संसद के शीतकालीन सत्र के हंगामेदार होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन उनकी पार्टी की स्पष्ट इच्छा है कि सत्र शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से चलाया जाए। उन्होंने कहा कि संसद का सुचारू संचालन राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ इससे देश व जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों पर गहन चर्चा का अवसर मिलता है।
उन्होंने राजधानी दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में बढ़ते वायु प्रदूषण को तत्काल ध्यान देने योग्य विषय बताया। मायावती ने कहा कि प्रदूषण के कारण आम लोगों को हो रही दिक्कतों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए ताकि इसके समाधान के लिए ठोस नीतियां बन सकें।
इसके साथ ही उन्होंने वोटर लिस्ट के सघन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं, उठ रही आपत्तियों और खासतौर पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को होने वाली कठिनाइयों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने चिंता जताई कि अत्यधिक दबाव और कार्यभार के कारण कई बीएलओ द्वारा आत्महत्या जैसी दुखद घटनाएं सामने आई हैं, जिन पर संसद में गंभीर विमर्श की आवश्यकता है।
मायावती ने कहा कि केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से कोई समाधान नहीं निकलता। देशहित को सर्वोपरि रखते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को राजनीतिक स्वार्थों से ऊपर उठकर संवेदनशील और जिम्मेदार रुख अपनाना होगा, ताकि संसद सही मायनों में जनता की उम्मीदों पर खरा उतर सके।






