Lucknow CityNational

ग्रामीण क्षेत्र तक हवाई पहुंच की तैयारी : लखनऊ मंडल के हर जिले में ब्लॉक मुख्यालय तक बनेंगे हैलीपैड

आपदा प्रबंधन, गंभीर मरीजों के तत्काल इलाज, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की निगरानी में होगी आसानी, लखनऊ में 6 स्थलों, रायबरेली में 16, सीतापुर में 18, खीरी में 14, उन्नाव में 16 और हरदोई में 19 स्थानों पर होगा निर्माण

लखनऊ, 1 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के साथ मंडल के सभी जिलों में जनपद, तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर हैलीपैड बनाए जाएंगे। इस योजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। इसका सीधा लाभ आपदा प्रबंधन, गंभीर मरीजों के तत्काल इलाज, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की निगरानी में आम जनता को मिलेगा।

प्रस्तावित हैलीपैड स्थलों के चयन की समीक्षा लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने वर्चुअल माध्यम से की। समीक्षा बैठक में सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद लखनऊ में 6 स्थलों पर हैलीपैड निर्माण प्रस्तावित है। उनका स्थल चयन पूरा कर लिया गया है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि निर्माण की स्वीकृति के लिए आगणन तत्काल भेजे जाएं जिससे कार्य शीघ्र शुरू हो सके।

WhatsApp Image 2026-02-01 at 11.22.26 AM

जनपद रायबरेली में प्रस्तावित 16 हैलीपेड में से 8 स्थलों का चयन हो चुका है। सीतापुर में प्रस्तावित 18 स्थलों में से 6 स्थलों का चयन किया गया है। सीतापुर के दो स्थलों पर हाईटेंशन विद्युत लाइन होने के कारण नए सुरक्षित स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद खीरी में 14 में से 8 स्थलों का चयन पूरा हो गया है। उन्नाव में 16 में से 15 और हरदोई में सभी 19 स्थलों का चयन पूर्ण कर लिया गया है।

प्रशासन का मानना है कि हैलीपैड बनने से बाढ़, अग्निकांड और अन्य आपात स्थितियों में राहत कार्यों को तेजी से अंजाम दिया जा सकेगा। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से समय पर बड़े अस्पतालों तक पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही अधिकारियों की फील्ड मॉनिटरिंग मजबूत होने से विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचेगा।

समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों की प्रगति भी परखी गई। बताया गया कि लखनऊ मंडल में स्वीकृत 1117 कार्यों में से 770 के अनुबंध पूरे हो चुके हैं। करीब 100 अन्य कार्यों के अनुबंध 9 फरवरी तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि शेष कार्यों में देरी न हो जिससे जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button