
हरेंद्र दुबे
गोरखपुर, 29 जून 2025:
यूपी के गोरखपुर में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय दौरे पर 30 जून को आ रहीं हैं। वह यहां करीब 30 घंटे रहेंगी। इस दौरान कार्यक्रम स्थल से लेकर सड़क मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम के लगातार तैयारी करने के साथ उनको परखा भी जा रहा है। रूट डायर्वजन भी किया गया है। वहीं थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था के तहत जमीन और आसमान को भी दायरे में लिया गया है। रविवार को उनके आगमन से पूर्व फ्लीट का रिहर्सल किया गया वहीं पुलिस फोर्स को भी ब्रीफ किया गया।
राष्ट्रपति 30 जून को दोपहर 12 बजे के करीब गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगीं। वहां से वह सर्किट हाउस आकर विश्राम करेंगीं फिर शाम चार बजे राष्ट्रपति अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के एमबीबीएस पहले बैच के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगीं। यहां से वह सर्किट हाउस वापस जाएंगीं। शाम करीब सात बजे गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद राष्ट्रपति रात्रि का भोजन मंदिर में ही करेंगी। इसके बाद वह फिर सर्किट हाउस लौट आएंगी। अगले दिन एक जुलाई को वह भटहट के पिपरी में बने राज्य के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण और सोनबरसा बालापार में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में अकादमिक भवन, अडिटोरियम, पंचकर्म केंद्र का लोकार्पण और गर्ल्स हस्टल का शिलान्यास करेंगीं ।
गोरखपुर जिले में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए सीएम खुद व्यवस्था का जायजा ले चुके हैं और लगातार निगरानी भी कर रहे हैं वहीं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी तैयारियों में जुट गए है। रास्ते मे जगह जगह पीएम व राष्ट्रपति और सीएम व राष्ट्रपति की होर्डिंग लगाई गई हैं। राष्ट्रपति के महत्वपूर्ण कार्यक्रम और उनके लगभग 30 घण्टे के प्रवास को लेकर स्थानीय पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड में हैं
इसी क्रम में रविवार को कई बार तय मार्ग पर फ्लीट का रिहर्सल कर खामियों को देखा गया। इसके बाद योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में पुलिसकर्मी और सुरक्षा एजेंसियों की ब्रीफिंग हुई। ब्रीफिंग में खामियों को दूर करने के निर्देश उच्चाधिकारियों ने दिए। अफसरों ने जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी की प्रभावी योजना बनाई है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल से लेकर सर्किट हाउस तक करीब पांच किलोमीटर का दायरा नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, पतंग, गुब्बारे उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा।
डीआईजी डा. एस चन्नपा और एसएसपी राज करन नैय्यर ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था त्रिस्तरीय होगी। पहले घेरे में पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल के जवान, दूसरे में एटीएस कमांडो सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां तैनात होगी जबकि तीसरा घेरा राष्ट्रपति की सुरक्षा टीम का होगा राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए केंद्रीय व स्थानीय खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं सुरक्षा व्यवस्था में करीब चार हजार पुलिस, पीएसी व अर्धसैनिक बल के जवानों की ड्यूटी लगी है, जो दो दिन पहले ही कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहेंगे।






