National

सीएम ने गोरखपुर को दी 250 करोड़ की सौगात, कहा…भावी पीढ़ी को मिलेगा विकास का लाभ

खजांची फ्लाईओवर और बरगदवा-नकहा आरओबी का लोकार्पण, जाम से मिलेगी राहत

गोरखपुर, 27 जनवरी 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर को करीब 250 करोड़ रुपये की अहम इंफ्रास्ट्रक्चर सौगात दी। उन्होंने खजांची फ्लाईओवर और बरगदवा-नकहा रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण किया। इस दौरान जनसभा में सीएम ने कहा कि विकास का लाभ भावी पीढ़ी को भी लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर बाद करीब तीन बजे श्री भगवती प्रसाद कन्या महाविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने डायमंड जुबिली समारोह में शिरकत की और डायमंड जुबिली गेट का अनावरण किया। इसके बाद वे खजांची फ्लाईओवर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर फीता काटकर फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। फ्लाईओवर से होते हुए वे स्पोर्ट्स कॉलेज मार्ग से नकहा पहुंचे, जहां बरगदवा-नकहा आरओबी का लोकार्पण किया गया। इसके बाद जनसभा में भाग लिया।

WhatsApp Image 2026-01-27 at 6.34.29 PM

सीएम ने कहा कि चार लेन के इन दोनों सेतुओं के शुरू होने से शहरवासियों के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के हजारों लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से पादरी बाजार से बरगदवा और नकहा की ओर जाने वाला यातायात सुगम होगा। पहले जहां लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था, अब आवागमन आसान और समय की बचत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में बेहतर सड़क और यातायात व्यवस्था के कारण लखनऊ तीन घंटे और वाराणसी ढाई घंटे में पहुंचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ ताल, जो कभी अव्यवस्था और मच्छरों का केंद्र था, आज एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है। इसी तरह का विकास काशी, अयोध्या, लखनऊ और बुंदेलखंड में भी देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकास से जोड़ने का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है और यही विकसित भारत की यात्रा का आधार बनेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश अब उपद्रव नहीं, बल्कि सुरक्षा, सुविधा और विकास के लिए जाना जाता है। प्रयागराज में देश-दुनिया से श्रद्धालुओं का आना इस बात का प्रमाण है कि यहां कानून-व्यवस्था मजबूत है।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की पहचान संकट में थी। न बेटियां सुरक्षित थीं और न व्यापारी। आज उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान मिली है, लेकिन कुछ लोग इस बदलाव से बेचैन हैं और साजिशें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में दंगाइयों और उपद्रवियों के लिए कोई जगह नहीं है और सरकार उनसे सख्ती से निपटना जानती है।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि अब गोरखपुर की पहचान माफिया, मच्छर और इंसेफेलाइटिस नहीं, बल्कि वर्ल्ड क्लास सड़कें, एम्स, उर्वरक कारखाना, मेडिकल कॉलेज, आयुष विश्वविद्यालय, गीडा का नया निवेश और पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे है। पिछले पांच वर्षों में यहां कई बड़े कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि विकास की यह यात्रा रुकने वाली नहीं है और इसका सीधा लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button