Lucknow City

बदहाल सड़क व जलभराव ने किया नाक में दम… वार्डवासियों का गुस्सा फूटा, रोड पर दिया धरना

स्थानीय लोगों का आरोप महीनों से परेशानी झेल रहे, कई बार शिकायत और ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई

पंकज

काकोरी (लखनऊ), 1 फरवरी 2026:

लालजी टंडन वार्ड में अंधे की चौकी पुलिस के पीछे स्थित सड़क और आसपास का इलाका लंबे समय से बदहाली झेल रहा है। जगह-जगह जलभराव, टूटी सड़क, जर्जर नालियां और क्षतिग्रस्त पुलिया ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालत यह है कि सड़क गड्ढों और भरे पानी से तालाब जैसी हो गई है, जहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं। इन्हीं हालातों से ऊबकर रविवार को वार्डवासियों ने धरना देकर प्रदर्शम किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान

स्थानीय लोगों का कहना है कि महीनों से वे इस परेशानी को झेल रहे हैं। कई बार शिकायत और ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। राहगीरों का आना-जाना भी बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

WhatsApp Image 2026-02-01 at 6.24.56 PM

किसान मजदूर यूनियन भी प्रदर्शन में साथ आई

इन समस्याओं से नाराज लोगों ने रविवार दोपहर भारतीय किसान मजदूर यूनियन (दशहरी) के बैनर तले सड़क पर दरी बिछाकर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक सड़क और जलनिकासी की समस्या का स्थायी हल नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव ने कहा कि प्रशासन की अनदेखी से लोगों का सब्र जवाब दे गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

पुलिस व नगर निगम के अफसर पहुंचे मौके पर

धरने की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर श्रीकांत राय मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। इसके बाद नगर निगम जोन-6 के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार और अवर अभियंता रमन सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पंप सेट लगाकर जलभराव निकलवाया, गड्ढों में गिट्टी भरवाई और सड़क पर सीमेंट के पाइप डालकर अस्थायी रूप से आवागमन शुरू कराया।

आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना

अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि जलनिकासी के लिए नाले का निर्माण शुरू करा दिया गया है और आगे लोक निर्माण विभाग से सड़क निर्माण कराया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि जब तक सड़क की पक्की मरम्मत नहीं होती, उनकी परेशानी खत्म नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button