लखनऊ, 22 जनवरी 2026:
यूपी सरकार निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा में प्राप्त करने और शिक्षा को जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। इस क्रम में 24 जनवरी को यूपी दिवस के अवसर पर प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में ‘शिक्षा चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों (SMC), शिक्षकों और स्थानीय समुदाय को निपुण भारत मिशन से जोड़ते हुए बच्चों की बुनियादी भाषायी और गणितीय दक्षताओं को मजबूत करना है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने इस संबंध में प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षा चौपाल के माध्यम से बालवाटिका के प्रभावी संचालन, बच्चों के अधिकाधिक नामांकन, नियमित उपस्थिति और शिक्षा के दीर्घकालिक महत्व पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।
चौपाल के दौरान परिषदीय विद्यालयों में उपलब्ध कराई गई शिक्षण एवं सहायक सामग्री की जानकारी भी साझा की जाएगी। इसमें प्रिंट-रिच सामग्री, गणित किट, क्रियाशील पुस्तकालय, खेल सामग्री के साथ-साथ डिजिटल संसाधन जैसे स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, दीक्षा पोर्टल, खान अकादमी और टीचर्स ऐप शामिल हैं। इसके माध्यम से अभिभावकों को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि आधुनिक संसाधनों से बच्चों की सीखने की प्रक्रिया किस प्रकार मजबूत हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, नामांकन एवं उपस्थिति में उल्लेखनीय सुधार करने वाले विद्यालयों तथा मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, शिक्षा में सहयोग देने वाले अभिभावकों और SMC सदस्यों के योगदान के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया जाएगा।
शिक्षा चौपाल के आयोजन के लिए प्रति न्याय पंचायत 10,000 की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसका उपयोग टेंट, कुर्सी, साउंड सिस्टम, बैनर, जलपान, स्टेशनरी, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी जैसी व्यवस्थाओं पर किया जाएगा। व्यय विवरण को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रबंध पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। जिला एवं मंडल स्तर के अधिकारी कार्यक्रम का सतत अनुश्रवण करेंगे।






