Lucknow CityNational

सूरज की रोशनी से चमका UP : सौर ऊर्जा में रचा अनोखा रिकॉर्ड, तीन लाख से अधिक इंस्टॉलेशन

1038 मेगावॉट क्षमता के साथ देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हुआ प्रदेश, गांवों से शहरों तक रूफटॉप सोलर ने बदली उपभोक्ताओं की आर्थिक तस्वीर

लखनऊ, 7 दिसंबर 2025:

यूपी ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए सौर ऊर्जा के तीन लाख से अधिक इंस्टॉलेशन पूरे कर लिए हैं। 3,00,654 सोलर इंस्टॉलेशन के साथ राज्य अब देश के अग्रणी सौर ऊर्जा उत्पादक राज्यों गुजरात और महाराष्ट्र की कतार में मजबूती से खड़ा दिखाई दे रहा है। ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इसने यूपी को नवीकरणीय ऊर्जा मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाई है।

आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 9,83,915 आवेदनों में से 3,00,654 इंस्टॉलेशन सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं। इन सभी सिस्टमों के माध्यम से राज्य की कुल सौर क्षमता 1038.27 मेगावॉट तक पहुंच गई है। बड़ी क्षमता का यह नेटवर्क अब लाखों उपभोक्ताओं को स्वच्छ, किफायती और दीर्घकालिक समाधान प्रदान कर रहा है। इसके साथ ही सरकार द्वारा अब तक 2074.53 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की जा चुकी है। इससे उपभोक्ताओं का आर्थिक भार काफी कम हुआ और सौर ऊर्जा अपनाने की गति बढ़ी है।

पिछले आठ वर्षों में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में योगी सरकार ने अभूतपूर्व सुधार किए हैं। योगी सरकार ने शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सोलर रूफटॉप को तेजी से बढ़ावा देने के लिए पारदर्शी व डिजिटल प्रक्रियाओं पर जोर दिया। समयबद्ध इंस्टॉलेशन, आसान मॉनिटरिंग और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था ने जनता के बीच इस योजना को भरोसेमंद बनाया है।

पीएम सूर्यघर योजना तथा राज्य की नई सौर नीति ने मिलकर बड़े पैमाने पर ऐसी अवसंरचना तैयार की है जिसने न केवल निवेश बढ़ाया बल्कि ऊर्जा क्षेत्र में स्थिरता और सुगमता को भी मजबूत किया। ऊर्जा विशेषज्ञों की मानें तो यूपी में सौर ऊर्जा की तेज रफ्तार आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगी। 1038.27 मेगावॉट की क्षमता न सिर्फ बिजली की बढ़ती मांग को संतुलित कर रही है बल्कि अतिरिक्त उत्पादन के नए अवसर भी खोल रही है। इससे उद्योग, कृषि और घरेलू उपभोक्ता समान रूप से लाभान्वित हो रहे हैं।

इस सफलता का सबसे बड़ा असर ग्रामीण इलाकों में दिखाई दे रहा है। गांवों में बिजली बिलों में उल्लेखनीय कमी आई है। कई परिवार अतिरिक्त ऊर्जा को ग्रिड को बेचकर सालाना आय भी बढ़ा रहे हैं। यही कारण है कि सौर ऊर्जा के लिए आवेदन लगातार बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश देश के सबसे बड़े रिन्यूएबल एनर्जी बाजारों में अपनी उपस्थिति तेजी से दर्ज कर रहा है।

विशेषज्ञ मानते हैं कि तीन लाख इंस्टॉलेशन का लक्ष्य पार करना सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है। ये उस बदलती ऊर्जा संरचना का प्रतीक है जिसकी ओर उत्तर प्रदेश आत्मविश्वास के साथ बढ़ रहा है। ऊर्जा आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण तीनों मोर्चों पर यूपी की यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में पूरे देश के लिए उदाहरण साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button