Uttarakhand

उद्यमिता महोत्सव में 51 कारोबारियों को मिला सम्मान, प्रदर्शनी में दिखी उत्पादों की झलक

सीएम उद्यमशाला योजना के तहत आयोजन में पहुंचे कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी,100 युवाओं ने पेश किए नए बिजनेस आइडिया, लखपति दीदी और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी, गांवों में रोजगार के नए मौके पर जोर

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 28 मार्च 2026:

राजपुर रोड स्थित सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट में शनिवार को एक दिवसीय राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने किया। इस मौके पर उद्यमिता के क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले 51 लोगों को सम्मानित किया गया।

महोत्सव मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में एमयूवाई ओलम्पिक्स की भी शुरुआत हुई, जिसमें 100 प्रतिभागियों ने अपने बिजनेस आइडिया पेश किए। इनमें से 18 बेहतर आइडिया चुनकर उन्हें सम्मान दिया गया।

मंत्री ने कहा कि पहले गांवों में रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण पलायन बड़ी समस्या थी, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। सड़क, शिक्षा और रोजगार योजनाओं के चलते लोग गांव में ही काम के मौके तलाश रहे हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं उद्यमिता से जुड़कर खुद का कारोबार शुरू कर रही हैं और आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। कार्यक्रम में 13 लखपति दीदी, 13 रीप से जुड़े उद्यमी, 13 मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के लाभार्थी और स्वयं सहायता समूहों के 12 सदस्यों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने के लिए क्रेडिट क्लिनिक, उद्यम पंजीकरण और ट्रेडमार्क से जुड़ी जानकारी दी गई। एमयूवाई की वेबसाइट और त्रैमासिक न्यूजलेटर भी लॉन्च किया गया, जिससे राज्य भर के उद्यमियों को योजनाओं, ट्रेनिंग और बाजार से जुड़ने में मदद मिलेगी। महोत्सव में 13 जिलों के उद्यमियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। इसमें स्थानीय उत्पादों को खासा पसंद किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम्य विकास विभाग की अपर सचिव और परियोजना समन्वयक झरना कमठान, आयुक्त अनुराधा पाल, अपर आयुक्त भरत चन्द्र भट्ट, संयुक्त आयुक्त संजय कुमार सिंह, उपायुक्त नरेश कुमार, ए के राजपूत, सीईओ डॉ प्रभाकर बेवनी, एसीईओ प्रदीप पांडेय और उप निदेशक महेन्द्र यादव समेत कई अधिकारी, उद्यमी और स्वयं सहायता समूहों के सदस्य मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button