
न्यूज डेस्क 12 जुलाई 2026:
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद और राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मामले के सामने आए एक महीने का समय बीत चुका है, लेकिन जवाबदेही तय करने के बजाय सरकार मौन है।
एक महीने बाद भी सरकार पर सवाल
जयराम रमेश ने अपने पोस्ट में कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण का खुलासा हुए एक महीना पूरा हो चुका है। उनका आरोप है कि हर उपलब्धि का श्रेय लेने वाले पीएम मोदी इस मामले में जवाबदेही के वक्त चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि देश यह जानना चाहता है कि आखिर प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर कुछ क्यों नहीं बोल रहे हैं।

एसआईटी की जांच पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने एसआईटी की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उनका दावा है कि जांच के दौरान रोजाना लाखों रुपये के गायब होने जैसी बातें सामने आने की बात स्वीकार की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को सीमित दायरे में दिखाने की कोशिश हो रही है, जबकि यह सिर्फ कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं हो सकता।
ट्रस्टियों की भूमिका पर कांग्रेस के आरोप
अपने बयान में जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार असली जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने के बजाय उन्हें बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले को दबाने की कोशिशों से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से सरकार की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस ने दोहराईं चार प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने इस मामले में अपनी पुरानी मांगों को फिर सामने रखा। पार्टी का कहना है कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए, जिम्मेदारी तय की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जयराम रमेश का यह बयान ऐसे समय आया है जब राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला लगातार राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है। कांग्रेस इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को लगातार घेर रही है।






