
योगेंद्र मलिक
पौड़ी गढ़वाल, 13 जुलाई 2026ः
सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के तहत सोमवार को उत्तराखंड के पौड़ी से श्रद्धालुओं को गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना किया गया। विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ करते हुए सभी श्रद्धालुओं को यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस यात्रा में गढ़ कला सांस्कृतिक संस्थान के कलाकार भी शामिल हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया।
यात्रा के नोडल अधिकारी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट ने बताया कि दल में जनपद के 42 श्रद्धालुओं के साथ गढ़ कला सांस्कृतिक संस्थान के 20 सदस्यीय सांस्कृतिक दल के कलाकार भी शामिल हैं। यात्रा के दौरान कलाकार विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और लोक संगीत की प्रस्तुति देंगे, जिससे प्रदेश की पारंपरिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और गौरव को देश भर में पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान अनुशासन का पालन करने की अपील करते हुए सफल व सुरक्षित यात्रा की कामना की।






