Uttarakhand

2.67 लाख छात्रों ने बताया कैसा हो उनके सपनों का उत्तराखंड, CM धामी सुनेंगे चुने हुए 140 विजन

कक्षा 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, पर्यावरण समेत आठ विषयों पर भेजे सुझाव, 16 सितंबर को घोषित होंगे बेस्ट विजन, चयनित छात्रों को मिलेगा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सीधे संवाद का मौका

देहरादून, 25 अगस्त 2026:

उत्तराखंड के कक्षा 11वीं-12वीं के 2,67,744 विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत अपना विजन साझा किया है। छात्रों ने निबंध के जरिए बताया कि वे आने वाले समय में उत्तराखंड को किस तरह देखना चाहते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में छात्रों से 24 अगस्त तक अपने विचार पोर्टल पर अपलोड करने की अपील की थी।

छात्रों के सुझावों को विकास से जोड़ने की बात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि छात्रों के विचार मौजूदा उत्तराखंड को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उनके मुताबिक ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ के जरिए नई पीढ़ी की सोच को समझने की कोशिश की जा रही है। अच्छे व व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में जगह देने की बात मुख्यमंत्री ने कही है।

ये भी पढ़ें:

अभियान में छात्रों ने दर्ज की बड़ी हिस्सेदारी

पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक राज्य के सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों में कक्षा 11वीं-12वीं में कुल 2,96,426 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इनमें से 2.67 लाख से ज्यादा छात्रों ने अभियान में हिस्सा लेकर अपने विचार साझा किए हैं। छात्रों के निबंधों में उत्तराखंड के भविष्य, रोजगार के मौके, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, तकनीक, पर्यावरण जैसे मुद्दों पर फोकस किया गया है।

कई जिलों में शत-प्रतिशत भागीदारी

रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, चमोली में कक्षा 11वीं-12वीं के सभी छात्रों ने अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड किए हैं। पौड़ी में 98.82 फीसदी, अल्मोड़ा में 97.46 फीसदी, हरिद्वार में 91.77 फीसदी, टिहरी में 91.57 फीसदी, बागेश्वर में 89.26 फीसदी, नैनीताल में 85.89 फीसदी, उत्तरकाशी में 84.93 फीसदी छात्रों ने हिस्सा लिया।

देहरादून के 47 हजार से ज्यादा छात्र शामिल

देहरादून जिले में कक्षा 11वीं-12वीं के कुल 63,666 विद्यार्थी हैं। इनमें 47,358 छात्रों ने ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ के लिए अपने निबंध जमा किए हैं। अभियान के तहत छात्रों की भागीदारी का जिलेवार डेटा भी पोर्टल पर दर्ज किया गया है।

अब विचारों की जांच का दौर

पोर्टल पर आए निबंधों का मूल्यांकन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में विशेषज्ञों की टीम कर रही है। श्रेष्ठ विचारों का चयन अलग-अलग मानकों के आधार पर किया जाएगा। चयनित विचारों के नतीजे 16 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
mere-sapno-ka-uttarakhand-campaign-cm-dhami-students-vision-dialogue (2)

140 छात्रों को मिलेगा सीधे संवाद का मौका

अभियान में सबसे बेहतर 140 विचारों का चयन किया जाएगा। इन विचारों को रखने वाले छात्रों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों, सचिवों के साथ चर्चा का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इन विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे, उनके विजन, अनुभवों व सुझावों को सुनेंगे।

करियर को लेकर भी मिलेगा सहयोग

श्रेष्ठ विचार देने वाले छात्रों को पुरस्कार व प्रोत्साहन के साथ करियर से जुड़ी मदद देने की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग भी दिया जाएगा। इससे छात्रों को अपने विचार रखने के साथ आगे की पढ़ाई व करियर को लेकर भी मदद मिलने की उम्मीद है।

हर प्रतिभागी को डिजिटल सर्टिफिकेट

अभियान में निबंध जमा करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को Digital Certificate दिया गया है। पोर्टल के जरिए ब्लॉक, स्कूल व छात्र स्तर पर डेटा भी जुटाया गया है। इससे अभियान में शामिल छात्रों की जानकारी एक जगह दर्ज की गई है। अभियान के संयोजक राहुल अग्रवाल के मुताबिक छात्रों को राज्य के विकास से जुड़ी सोच में सीधे शामिल करने की कोशिश की गई है। उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थियों ने अपने विचार भेजे हैं।

ये भी पढ़ें  राहुल गांधी विवाद पर BJP-Congress का शक्ति प्रदर्शन, पुलिस की बैरिकेडिंग ने संभाले हालात

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button