
लखनऊ, 27 अगस्त 2026:
यूपी के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। रिजल्ट जारी होते ही परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक, UPTET 2026 की लिखित परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित हुई थी। करीब 19.95 लाख पंजीकृत अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा तीन दिनों में पांच पालियों में कराई गई। प्रदेश के 60 जनपदों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई। इनमें तीन पालियां उच्च प्राथमिक और दो पालियां प्राथमिक स्तर की थीं।
परिणाम में प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। कक्षा 1 से 5 तक के लिए परीक्षा में शामिल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 5,71,435 यानी 80.07 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा में शामिल 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 7,59,513 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इस स्तर पर सफलता का प्रतिशत 71.85 प्रतिशत रहा।
कार्यरत शिक्षकों के परिणाम भी उत्साह बढ़ाने वाले रहे। प्राथमिक स्तर पर परीक्षा देने वाले 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 यानी 76.29 प्रतिशत सफल हुए। उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 यानी 77.45 प्रतिशत शिक्षक सफल घोषित किए गए हैं।
आयोग ने बताया कि परिणाम तैयार करने में विज्ञापन में पहले से निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन यानी नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया का पालन किया गया है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा UPTET-2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। प्राथमिक स्तर पर परीक्षा में सम्मिलित 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 5,71,435 (80.07%) तथा उच्च प्राथमिक स्तर के 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 7,59,513 (71.85%) अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं।
— Information and Public Relations Department, UP (@InfoDeptUP) August 26, 2026
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि करीब 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों वाली इस विशाल परीक्षा को निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ कराया गया। अभ्यर्थी अपना UPTET 2026 रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं।






