Barabanki City

‘DM अंकल लोड बनवा दीजिये, हम डूब गए थे,’ मासूम छात्रा के वीडियो पर घर की ओर दौड़े अफसर

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था छात्रा आयशा का वीडियो, वीडियो में रखी थी खराब सड़क बनाने की मांग, डीएम ने मौके पर भेजी टीम, जांच में शिकायत सही मिली, नगर पालिका ने गड्ढे भरने का काम शुरू किया, आयशा को कलेक्ट्रेट बुलाकर बात की, बिस्किट खिलाए, दुलार भी किया, बरसात के बाद सड़क निर्माण की तैयारी

बाराबंकी, 27 अगस्त 2026:

यूपी के बाराबंकी में चार साल की आयशा की मासूम गुहार ने अधिकारियों को उसके मोहल्ले की जर्जर सड़क तक पहुंचा दिया। स्कूल जाते समय सड़क के गड्ढों की हालत देखकर बच्ची ने वीडियो में डीएम से सड़क बनवाने की अपील की थी। बच्ची की बात सोशल मीडिया पर पहुंची तो डीएम ईशान प्रताप सिंह ने मामले का संज्ञान लिया। जांच में सड़क की हालत खराब मिलने के बाद नगर पालिका ने गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया।

आयशा बोली, ‘डीएम अंकल मेले घल की रोड बनवा दीजिए’

शहर के नवीगंज में क्रिस्टल गार्डन लॉन के पास कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क काफी समय से जर्जर है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढों में पानी भर जाता है। कीचड़ की वजह से लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में दिक्कत होती है। इसी रास्ते से ताज अंसारी की चार साल की बेटी आयशा राज देवा रोड स्थित आनंद भवन विद्यालय में नर्सरी की पढ़ाई करने जाती है। मंगलवार को सड़क की हालत देखकर उसका वीडियो बनाया गया। इसमें आयशा ने कहा कि ‘डीएम अंकल मेले घर की रोड बनवा दीजिए, बड़े बड़े गढ्ढे है हम डूब गए थे पानी भल जाता है’,

ये भी पढ़ें:

वीडियो सामने आया तो डीएम ने भेजे अफसर

आयशा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला डीएम ईशान प्रताप सिंह तक पहुंचा। डीएम ने एसडीएम सदर व संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल को मौके पर भेजकर स्थिति देखने को कहा। टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बात की। जांच में सड़क पर जलभराव व गड्ढों की समस्या सही मिली। इसके बाद नगर पालिका की टीम को सड़क की मरम्मत के लिए लगाया गया। नगर पालिका ईओ संजय शुक्ला की निगरानी में गड्ढे भरने का काम शुरू कराया गया है, जिससे बारिश के दौरान लोगों को आने-जाने में परेशानी कम हो सके।

barabanki-ayesha-dm-road-viral-video (2)

कलेक्ट्रेट पहुंची आयशा, डीएम ने बिस्किट खिलाए

मामले के सामने आने के बाद डीएम ने आयशा को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में बुलाया। बुधवार दोपहर बच्ची अपने परिवार के साथ डीएम से मिलने पहुंची। डीएम ने उससे सड़क को लेकर बात की। बच्ची की मासूम बात सुनने के बाद उसे बिस्किट दिए, दुलार किया।

अब बरसात के बाद बनेगी सड़क

डीएम ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने मौके की जांच कराई थी। शिकायत सही मिलने पर नगर पालिका को फिलहाल सड़क के गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए हैं। अभी बारिश का मौसम चल रहा है, इसलिए पहले रास्ते को चलने लायक बनाया जा रहा है। बरसात खत्म होने के बाद सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाएगा।

गड्ढों में भरा रहता था पानी

आयशा के पिता ताज अंसारी ने बताया कि उनकी बेटी ने सड़क की हालत देखकर वीडियो में डीएम से इसे बनवाने की बात कही थी। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क की स्थिति देखी, जिसके बाद गड्ढे भरने का काम शुरू हुआ। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक बारिश में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से बच्चों को स्कूल जाने में खास तौर पर परेशानी होती थी। फिलहाल राहत मिली है।

ये भी पढ़ें  शेयर मार्केट में 60 लाख मुनाफे का झांसा...नायब तहसीलदार से 16 लाख की साइबर ठगी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button