Lucknow City

‘मुस्कुराइए कि आप लखनऊ में हैं’ से स्मार्ट सिटी तक… योगी ने गिनाईं बदलते शहर की उपलब्धियां

छावनी क्षेत्र में विकास परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बोले- कभी जाम, संकरी गलियों और गंदगी से परेशान था लखनऊ, आज पुरानी विरासत के साथ स्मार्ट रोड और आउटर रिंग रोड भी, साल के अंत तक गोमती को पूरी तरह स्वच्छ करने का लक्ष्य

लखनऊ, 30 अगस्त 2026:

कभी लखनऊ रेलवे स्टेशन पर लगे ‘मुस्कुराइए कि आप लखनऊ में हैं’ के बोर्ड को देखकर लोग शहर की बदहाल सड़कों, जाम और गंदगी के बीच मुस्कुराने के बजाय परेशान होते थे। लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। लखनऊ ने अपनी ऐतिहासिक विरासत को सहेजते हुए आधुनिक और स्मार्ट सिटी के रूप में नई पहचान बनाई है। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ छावनी क्षेत्र में करीब 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में कही।

lucknow-smart-city-yogi-development-achievements (2)

उन्होंने कहा कि आज लखनऊ में एक ओर पुरानी गलियां और ऐतिहासिक विरासत मौजूद हैं तो दूसरी ओर स्मार्ट रोड और आउटर रिंग रोड जैसी आधुनिक सुविधाएं भी हैं। शहर ऊदा देवी पासी और महाराजा बिजली पासी की ऐतिहासिक विरासत को संजोने के साथ ही रक्षा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों के निर्माण का केंद्र भी विकसित हो रहा है।

ये भी पढ़ें:

सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ की पहचान सिर्फ इतिहास और चिकनकारी तक सीमित नहीं है। यूनेस्को की ‘हेरिटेज सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ की मान्यता ने शहर की वैश्विक पहचान को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि रक्षामंत्री एवं स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में छावनी क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज हुई है। यहां सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना शुरू होने जा रही है, जबकि स्कूलों में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की भी शुरुआत होगी। आधुनिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था से सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस वर्ष के अंत तक गोमती नदी को पूरी तरह स्वच्छ करने में सफलता मिलेगी। उन्होंने इस कार्य में सेंट्रल कमांड से मिल रहे सहयोग की भी सराहना की। योगी ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश के सामने पहचान का संकट और अभाव, अराजकता व उपद्रव की स्थिति थी। आज उत्तर प्रदेश इन चुनौतियों से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बन रहा है।

उन्होंने कहा कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो और एयर कनेक्टिविटी के जरिए प्रदेश तेजी से बदल रहा है। लखनऊ मेट्रो के दूसरे चरण को केंद्र की मंजूरी मिलने के बाद काम जल्द आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा में दिन-रात जुटे सैनिकों और उनके परिवारों की सुविधाओं का ध्यान रखना सरकार की जिम्मेदारी है। छावनी परिषदों में विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने लखनऊ छावनी को आदर्श छावनी परिषद के रूप में विकसित करने और नागरिक सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया।

ये भी पढ़ें  UP राजभवन की गोशाला में तीन गोवंशों की मौत से हड़कंप, डॉक्टर और अधिकारी सस्पेंड

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button