Uttarakhand

खेल महाकुंभ 2026 : गांव की प्रतिभाओं ने दिखाया दम, टनकपुर से ओलंपिक के सफर का होगा आगाज

सीएम धामी व खेल मंत्री ने किया शुभारंभ, न्याय पंचायत स्तर से शुरू होगी खिलाड़ियों की तलाश, राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने पर एक लाख रुपये का अतिरिक्त इनाम, ओवरऑल चैंपियन टीम को मुख्यमंत्री ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये, पारंपरिक खेलों को भी प्रतियोगिता में मिली जगह, चार चरणों में होंगे मुकाबले, 2036 ओलंपिक में तिरंगा लहराने का लक्ष्य लेकर तैयारी करने का आह्वान

राजकिशोर तिवारी

चंपावत, 1 सितंबर 2026:

उत्तराखंड के चंपावत जिले के टनकपुर में मंगलवार को खेल महाकुंभ 2026 का आगाज हुआ। स्व. कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल मंत्री रेखा आर्या के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की शुरुआत भी इसी कार्यक्रम से हुई। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ी गहना महर को खेल मशाल सौंपकर प्रतियोगिताओं का उद्घाटन कराया।

खिलाड़ियों ने योग से पारंपरिक खेल मुर्गा झपट तक में दिखाई प्रतिभा

ये भी पढ़ें:

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने योगासन की प्रस्तुति दी। उत्तराखंड के पारंपरिक खेल मुर्गा झपट का प्रदर्शन भी हुआ। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अधिकारी, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस बार आधुनिक खेलों के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया गया है। मुर्गा झपट, पिट्टू, मल्लखंभ, कंचा व रस्साकस्सी जैसी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में महिला ओपन के साथ दिव्यांगजन महिला व पुरुष ओपन वर्ग भी रखा गया है।

गांवों में छिपी प्रतिभाओं पर नजर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का फोकस गांवों, पहाड़ी इलाकों व दूरदराज के क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने पर है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

khel-mahakumbh-2026-tanakpur-village-sports-talents (2)

न्याय पंचायत स्तर पर खेलकूद से बनेगा रास्ता

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए खेलों में आगे बढ़ने का पहला मौका हैं। यहां से प्रतिभाशाली खिलाड़ी ब्लॉक, जिला व राज्य स्तर तक पहुंचेंगे। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ी की प्रतिभा व प्रदर्शन को आधार बनाया जाएगा, जिससे सिफारिश की जगह खेल क्षमता को महत्व मिले।

रिकॉर्ड तोड़ने पर एक लाख का इनाम

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि का भी प्रावधान किया गया है। राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ी को एक लाख रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी। ओवरऑल चैंपियन टीम को मुख्यमंत्री ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।

2036 ओलंपिक को ध्यान में रखकर करें तैयारी

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से राष्ट्रमंडल खेलों के साथ वर्ष 2036 के ओलंपिक को भी लक्ष्य बनाकर तैयारी करने को कहा। उन्होंने खिलाड़ियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

khel-mahakumbh-2026-tanakpur-village-sports-talents (3)

सितंबर में न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक मुकाबले

खेल महाकुंभ चार चरणों में आयोजित होगा। 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 व अंडर-19 वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले होंगे। 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित होगी। राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के मुकाबले 10 से 30 अक्टूबर तक होंगे।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

समारोह में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित कुमार सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी समेत अधिकारी, जनप्रतिनिधि व खिलाड़ी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड में Investment का नया प्लान, धामी ने उद्योग जगत के सामने गिनाईं ये बड़ी ताकतें

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button