Ayodhya

ताला लगे स्कूलों में पहुंची सपा, शिक्षक दिवस पर दागा सवाल, कहा- शिक्षकों के सम्मान से नहीं बदलेगी तस्वीर

पार्टी के प्रदेशव्यापी 'पाठशाला पुकारे' कार्यक्रम के तहत बंद पड़े प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सपा नेताओं ने मनाया शिक्षक दिवस, तारुन से लेकर पूरा बाजार ब्लॉक तक अलग-अलग स्कूलों में पहुंचे पदाधिकारी, पर्याप्त शिक्षक व संसाधन उपलब्ध कराने की रखी मांग

अनिल निषाद

अयोध्या, 5 सितंबर 2026:

यूपी में सपा के प्रदेशव्यापी ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम के तहत अयोध्या जिले में भी समाजवादी पार्टी ने शिक्षक दिवस के मौके पर बंद पड़े सरकारी स्कूलों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। पार्टी नेताओं ने जिले के अलग-अलग विकासखंडों में लंबे समय से बंद पड़े प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षक दिवस मनाया। नेताओं ने सवाल उठाया कि जिन स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई होनी चाहिए, वहां ताले लगे हैं तो गांव के बच्चों की शिक्षा कैसे बेहतर होगी।

जिलाध्यक्ष बोले- स्कूल सिर्फ इमारत नहीं, छात्रों का भविष्य है

ये भी पढ़ें:

तारुन विकासखंड के बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय बेलाईंया में सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने शिक्षक दिवस का कार्यक्रम किया। उन्होंने कहा कि गांव का स्कूल सिर्फ एक इमारत नहीं है, बल्कि बच्चों के भविष्य की नींव तैयार करने वाली जगह है। स्कूल बंद रहने से सबसे ज्यादा असर ग्रामीण परिवारों के बच्चों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार को बंद स्कूलों को दोबारा शुरू कराने के साथ वहां पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती व जरूरी सुविधाओं का इंतजाम करना चाहिए।

ayodhya-sp-closed-schools-pathshala-pukare-teacher-day (2)

गरीब व सामान्य परिवार का सहारा हैं सरकारी स्कूल

मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के अमानीगंज विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय विनायकपुर में पूर्व प्रत्याशी अजीत प्रसाद ने शिक्षक दिवस मनाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों के गरीब व सामान्य परिवारों के बच्चों की पढ़ाई सरकारी स्कूलों पर काफी हद तक निर्भर है। ऐसे में स्कूलों का बंद रहना गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने बंद विद्यालयों को खोलने, शिक्षकों की कमी दूर करने व स्कूलों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

स्कूलों को बेहतर बनाने की कोशिश दिखे

मसौधा विकासखंड के खरगूपुर में हाजी फिरोज खान गब्बर ने कार्यक्रम किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस सिर्फ शिक्षकों को सम्मान देने का मौका नहीं है, बल्कि इस दिन शिक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति पर भी बात होनी चाहिए। बंद स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करके पार्टी ने इसी मुद्दे को सामने रखने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए जमीन पर काम दिखना चाहिए।

ayodhya-sp-closed-schools-pathshala-pukare-teacher-day (3)

कटरा मोहम्मदपुर में उठा शिक्षकों की कमी का मुद्दा

सोहावल विकासखंड के कटरा मोहम्मदपुर में राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप ने शिक्षक दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक तभी बच्चों को बेहतर शिक्षा दे पाएंगे जब गांवों के स्कूल नियमित रूप से चलेंगे। बंद विद्यालयों के साथ शिक्षकों की कमी भी दूर करने की जरूरत है।

कई ब्लॉकों के बंद स्कूलों में पहुंचे नेता

सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय के मुताबिक पार्टी ने शिक्षक दिवस पर अलग-अलग बंद विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी नेताओं व पदाधिकारियों को दी थी। मया विकासखंड के केशवपुर बेल्हा में रामसागर वर्मा व इंद्रपाल यादव मौजूद रहे। पूरा बाजार विकासखंड के रामपुर हलवारा में रक्षाराम यादव, जय सिंह राणा व राम अचल यादव ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

ये भी पढ़ें  अखिलेश ने फिर महाकुंभ को लेकर सीएम योगी को घेरा, राजनीतिक अवसरवाद के लिए कुंभ के इस्तेमाल का लगाया आरोप

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button