
न्यूज डेस्क, 6 सितंबर 2026:
देश की राजधानी में दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन क्षेत्र रविवार दोपहर अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया। मोती बाग-2 स्थित शिव मंदिर के पास सत्य निकेतन मार्केट इलाके में एक पांच मंजिला इमारत देखते ही देखते भरभराकर ढह गई। इमारत में PG हॉस्टल चल रहा था और बड़ी संख्या में छात्र रह रहे थे। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई छात्रों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है। राहत और बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा।
दिल्ली के एडिशनल डीसीपी अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि अब तक नौ बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की। पुलिस के मुताबिक इमारत के मालिक के बारे में पूरी जानकारी जुटा ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। लापरवाही के मामले में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की स्थानीय पूछताछ में सामने आया कि यह इमारत करीब 40-50 साल पुरानी थी। इसमें बेसमेंट के अलावा पांच ऊपरी मंजिलें थीं और इसका इस्तेमाल PG हॉस्टल के रूप में किया जा रहा था। हादसे के वक्त बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक PG में करीब 10 कमरे थे।
‘अंदर 15-16 छात्र थे’, मलबे के बीच जिंदगी की जंग
हादसे के बाद एक बचाए गए युवक ने बताया कि घटना के समय इमारत के भीतर करीब 15-16 छात्र मौजूद थे। हालांकि, छात्रों की वास्तविक संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। NDRF, दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। NDRF के IG एनएस बुंदेला ने कहा कि जिंदा लोगों को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी वजह से अभियान में समय लग सकता है।

स्थानीय चश्मदीदों के मुताबिक गिरने वाली इमारत का नाम ‘हॉस्टल डेज’ था। इसके ठीक बगल की एक अन्य PG इमारत भी ढह गई। आसपास की दो और इमारतों के हिलने की बात सामने आई है। मलबे के कारण इन इमारतों के प्रवेश मार्ग भी अवरुद्ध हो गए हैं जिससे इलाके में खतरा और बढ़ गया।
सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग की पांच दमकल गाड़ियां और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। बाद में NDRF समेत कई एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, एलजी तरनजीत सिंह संधू, सांसद बांसुरी स्वराज, कपिल मिश्रा और भाजपा विधायक अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
The collapse of a building at Satya Niketan, Delhi is distressing. Condolences to those who lost their loved ones. Praying for the speedy recovery of the injured. Authorities are working at the site and assisting those affected in the mishap: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) September 6, 2026
PM मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष व अन्य नेताओं ने जताया दुख
गृह मंत्री अमित शाह भी हालात पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताया है।
The building collapse in Delhi’s Satya Niketan is a deeply distressing and avoidable tragedy. Reports of DU students being trapped under the debris are extremely worrying.
Every effort must be made to rescue those trapped and ensure the best possible treatment for the injured.…
— Mallikarjun Kharge (@kharge) September 6, 2026
इस बीच PG मालिक आनंद बंसल के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। वह गुरुग्राम का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पुरानी इमारत में चल रहे मरम्मत कार्य और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का इस भयावह हादसे से क्या संबंध है।






