
स्पोर्ट्स डेस्क, 7 सितंबर 2026:
भारत के खिलाफ महिला एशिया कप के ग्रुप A मुकाबले में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को मैदान पर की गई एक हरकत भारी पड़ गई। ICC ने आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।
विकेट के बाद पवेलियन की तरफ इशारा
मामला भारत की पारी के दौरान हुआ। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 55 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत आक्रामक रही। शैफाली वर्मा ने फातिमा की गेंद पर आउट होने से पहले तेजी से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन छठी गेंद पर गेंद हवा में खेल बैठीं। फातिमा ने कैच पकड़ा, इसके बाद पवेलियन की तरफ इशारा किया।
ICC कोड की धारा 2.5 के तहत कार्रवाई
ICC के मुताबिक फातिमा को खिलाड़ियों व खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आचार संहिता की धारा 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह नियम बल्लेबाज के आउट होने पर ऐसी भाषा, हरकत या इशारे से जुड़ा है, जिसे अपमानजनक माना जा सकता है या जिससे बल्लेबाज की तरफ से आक्रामक प्रतिक्रिया की स्थिति बन सकती है।

24 महीने में फातिमा की दूसरी गलती
फातिमा के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में पिछले 24 महीने के भीतर यह दूसरा अपराध है। इसी वजह से उनके डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या बढ़कर दो हो गई है। इससे पहले उन्हें 6 अगस्त 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ T20I मैच के दौरान एक डिमेरिट पॉइंट मिला था।
Fatima Sana has been sanctioned following an incident in Pakistan's Asia Cup contest against India.https://t.co/QfFS6ezNJT
— ICC (@ICC) September 7, 2026
अपराध स्वीकारा, सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी
फातिमा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने एमिरेट्स ICC इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरीज़ की सुप्रिया दास की ओर से प्रस्तावित सजा भी मान ली। इसके चलते मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। ICC आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन में आधिकारिक फटकार से लेकर खिलाड़ी की मैच फीस के 50 प्रतिशत तक जुर्माने का प्रावधान है। मामले की गंभीरता के आधार पर एक या दो डिमेरिट पॉइंट भी दिए जा सकते हैं।






