Uttarakhand

‘शुद्धिकरण’ विवाद : बारिश में कांग्रेसियों का सीएम आवास कूच, रोकने पर पुलिस से धक्का-मुक्की

धामी सरकार के खिलाफ कार्यकर्ताओं का हल्ला बोल, प्रदर्शन से पहले परेड ग्राउंड में हुआ सभा का आयोजन, नेता बोले- यह मुद्दा विपक्ष और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर सवाल, जनता के बीच ले जाएंगे

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 7 सितंबर 2026ः

उत्तराखंड के हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर सोमवार को कांग्रेसियों ने देहरादून में धामी सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। प्रदेशभर से जुटे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश के बीच परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। हाथीबड़कला चौकी के पास पुलिस ने बैरीकेडिंग कर जुलूस को रोक दिया। इसके चलते प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। आगे बढ़ने की अनुमति नहीं मिलने पर कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

परेड ग्राउंड में जुटे कांग्रेस के दिग्गज नेता

ये भी पढ़ें:

प्रदर्शन से पहले परेड ग्राउंड में आयोजित सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह समेत पार्टी के कई विधायक व पूर्व विधायक मंच पर मौजूद रहे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद जिस तरह ‘शुद्धिकरण’ कराया गया वह विपक्ष और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर सवाल है।

uttarakhand-shuddhikaran-controversy-congress-cm-residence-protest (2)

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद इस तरह की कार्रवाई विपक्ष के सम्मान पर सवाल खड़े करती है। कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी। सभा के बाद नेताओं की अगुवाई में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए।

वर्षा भी नहीं तोड़ सकी कार्यकर्ताओं का हौसला

हाथीबड़कला में पुलिस बैरीकेडिंग के सामने कार्यकर्ता बारिश में भी सड़क पर डटे रहे। कई कार्यकर्ता छाता लेकर तो कई बारिश में भीगते हुए नारेबाजी करते रहे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आगे बढ़ने को लेकर कई बार तीखी बहस हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जुलूस को बैरीकेडिंग से आगे नहीं जाने दिया।

प्रदर्शन में विधायक ममता राकेश, सुमित हृदयेश, हरीश धामी, मयूख महर, मदन बिष्ट, मनोज तिवारी, लखपत बुटोला सहित विधायक, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, महेंद्र पाल, पूर्व विधायक रामयश सिंह, जोत सिंह गुनसोला, ललित फर्स्वाण और हेमेश खर्कवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह व देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  1975 Emergency की याद में जुटे 'सेनानी', धामी बोले- संघर्ष से बचा था लोकतंत्र

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button