Gorakhpur News : चाइनीज मांझे ने काट दी सांसों की डोर, सड़क पर तड़पते हुए युवक ने दम तोड़ा
35 साल का रमेश कॉस्मेटिक की दुकान पर करता था काम, महीने में मिलते थे 10 से 12 हजार रुपये, पत्नी के साथ नौ साल की बेटी, पांच साल का बेटा, मोपेड से दुकान जाते समय हुआ हादसा, बुजुर्ग पिता समेत पूरा परिवार सदमे में

गोरखपुर, 10 अक्टूबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में शनिवार दोपहर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 35 वर्षीय रमेश कन्नौजिया की मौत हो गई। मोपेड से दुकान जा रहे रमेश की गर्दन मांझे में फंसने से कट गई। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना तिवारीपुर थाना क्षेत्र की है।
सड़क पर गिरा युवक, अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान
माधवपुर निवासी रमेश शनिवार दोपहर करीब एक बजे मोपेड से अपनी दुकान के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। उन्होंने ब्रेक लगाकर वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक गर्दन गंभीर रूप से कट चुकी थी। वह मोपेड समेत सड़क पर गिर पड़े। गर्दन से तेजी से खून बहने लगा। राहगीरों ने उन्हें उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टर आरडी रमन के मुताबिक युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
परिवार में अकेला कमाने वाला था रमेश
रमेश कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करके महीने में 10 से 12 हजार रुपये कमाते थे। परिवार में पत्नी पुन्ना, नौ साल की बेटी अपर्णा, पांच साल का बेटा आर्यन के साथ बुजुर्ग पिता फकीरे हैं। पूरे परिवार के खर्च के साथ पिता की देखभाल की जिम्मेदारी भी रमेश पर थी। पिता के मुताबिक रमेश के दुकान जाने के करीब आधे घंटे बाद एक व्यक्ति घर पहुंचा। उसने सड़क हादसे की जानकारी दी। परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे तो रमेश की मौत हो चुकी थी।
#gorakhpurpolice
#PoliceAction➡️आज दिनांक 10.10.2026 को थाना तिवारीपुर क्षेत्रान्तर्गत एक एक्सिडेंट हुआ है जिसमें मांझे के वजह से एक व्यक्ति के गर्दन पर चोट आई थी । तत्काल उसे इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, इलाज के दौरान व्यक्ति की मृत्यु हो गयी । घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रकरण में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है जिसमें गैर इरादतन हत्या की धारा भी लगायी जा रही है ।
➡️ घटना के संबंध में स्थानीय चौकी प्रभारी को सस्पेण्ड किया गया है । मांझे के खिलाफ अगले 48 घण्टे के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है जिसमें मांझे की अवैध बिक्री के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी । अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
➡️जिसके संबंध में #spcitygkp द्वारा दी गयी वीडियो बाइट
#UPPolice #VideoByte
@dgpup @AdgGkr @adgzonegkr @diggorakhpur @AdlSPDKPuri— Gorakhpur Police (@gorakhpurpolice) October 10, 2026
डोमिनगढ़ चौकी प्रभारी सस्पेंड
अस्पताल में पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी पुन्ना बदहवास हो गईं। वह पति का चेहरा देखने की जिद करने लगीं। शुरुआत में पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया, बाद में चेहरा दिखाया गया। इस मामले में डोमिनगढ़ चौकी प्रभारी आलोक सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है।






