ElectionsLucknow City

UP Politics : अखिलेश जी… दूसरे की बरात में कब तक बनेंगे सहबाला? ओमप्रकाश राजभर का तंज

इंडी गठबंधन की तस्वीर को लेकर सुभासपा अध्यक्ष ने सपा प्रमुख पर साधा निशाना, राहुल गांधी का नाम लेकर कहा- ‘नैया की पतवार बड़के भैया के हाथ में चली गई’, यूपी चुनाव से पहले तेज हुई जुबानी जंग

लखनऊ, 14 अक्टूबर 2026:

यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथसियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। इस बार राजभर ने दिल्ली में इंडी गठबंधन के प्रदर्शन की एक तस्वीर को लेकर अखिलेश पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘पिछलग्गू’ तक कह दिया। उनके इस तंज ने यूपी की सियासत में नया राजनीतिक वार-पलटवार छेड़ दिया है।

राजभर ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक फोटो शेयर करते हुए दावा किया कि दिल्ली में विपक्षी गठबंधन के बीच अखिलेश यादव की असली हैसियत सामने आ गई है। तस्वीर में अखिलेश यादव के पीछे की ओर नजर आने का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्षी एकजुटता और गठबंधन में सपा प्रमुख की भूमिका पर सवाल उठाए।

‘दिल्ली में पिछलग्गू बनके घूमने में मजा आ रहा है की नहीं?’

ओमप्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा, ‘प्रिय अखिलेश यादव जी, दिल्ली में पिछलग्गू बनके घूमने में मजा आ रहा है की नहीं?’ उन्होंने विपक्षी गठबंधन को ‘ठगबंधन’ बताते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में अखिलेश को उनके सहयोगियों से सम्मान नहीं मिल रहा है। राजभर ने बरात और सहबाला का उदाहरण देकर कटाक्ष किया कि अखिलेश आखिर कब तक दूसरे की बरात में सहबाला बनकर रहेंगे।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने राहुल गांधी का नाम लेते हुए लिखा कि ‘नैया की पतवार बड़के भैया राहुल जी के हाथ में चली गई है।’ राजभर ने यह भी तंज कसा कि अखिलेश यादव दिल्ली में भीड़ के बीच अपनी पहचान खोते नजर आ रहे हैं जबकि उनकी नजर उत्तर प्रदेश की सत्ता पर है।

Advertisement

‘सत्ताइस में सपा साफ’ का दावा

राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव के दिल्ली दौरे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव उत्तर प्रदेश में होना है लेकिन सपा प्रमुख दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश को दिल्ली के नेताओं से सम्मान के बजाय तिरस्कार मिलेगा और आगामी विधानसभा चुनाव में सपा विपक्षी भीड़ में कहीं नजर नहीं आएगी।


पोस्ट के अंत में राजभर ने ‘सत्ताइस में सपा साफ’ होने का दावा करते हुए अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा।

लगातार हमलावर हैं राजभर

यह पहला मौका नहीं है जब ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया हो। पिछले कई हफ्तों से वह अलग-अलग मुद्दों पर सपा प्रमुख पर हमलावर हैं। अब दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की तस्वीर को लेकर किया गया उनका ताजा कटाक्ष आगामी यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल को और गर्म करने वाला है। हालांकि, राजभर के इन आरोपों और तंज पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही इस राजनीतिक वार-पलटवार की अगली तस्वीर साफ होगी।

ये भी पढ़ें  अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर अरण्य समागम में पहुंचे योगी, कहा..हरित विकास में यूपी की नई पहचान बनी

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link