PrayagrajUttar PradeshVaranasi

यूपी के तीन जिलों में योगी के ताबड़तोड़ कार्यक्रम, रोजगार से लेकर माफिया पर कार्रवाई तक विपक्ष को घेरा

सीएम योगी ने वाराणसी में सफाईकर्मियों को सम्मानित कर भोजन भी परोसा, प्रयागराज में प्रतिमा का अनावरण कर राहुल गांधी को दी सीख, मीरजापुर में गंगा घाट का किया निरीक्षण, 23 अक्टूबर के विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन की अपील

वाराणसी/प्रयागराज/मीरजापुर, 15 अक्टूबर 2026:

उत्तर प्रदेश के वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज में गुरुवार को अलग-अलग कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वच्छता कर्मियों के सम्मान, शिक्षा, रोजगार, विकास कार्यों और राजनीतिक विरोधियों पर अपने विचार रखे। वाराणसी में उन्होंने स्वच्छता मित्रों को सम्मानित करते हुए उनके मानदेय और सामाजिक सुरक्षा की बात कही। मीरजापुर व प्रयागराज में शिक्षक-स्नातक मतदाता सम्मेलनों के दौरान समाजवादी पार्टी पर भर्ती में गड़बड़ी, परिवारवाद और विकास कार्यों में बाधा डालने के आरोप लगाए। प्रयागराज में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

वाराणसी: सफाईकर्मियों को सम्मान, मानदेय में कटौती करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

वाराणसी के कबीरचौरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने नगर निगम और जल निगम के 10 स्वच्छता मित्रों को माला पहनाकर, अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने सफाईकर्मियों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें भोजन भी परोसा। योगी ने कहा कि स्वच्छता कर्मी किसी भी शहर की व्यवस्था की नींव होते हैं। उनकी मेहनत से ही लोगों को साफ-सुथरा वातावरण मिलता है। सर्दी, गर्मी, बारिश और त्योहारों के दौरान भी वे अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। कई बार वे पहले दूसरों के त्योहार को बेहतर बनाने में जुटे रहते हैं और बाद में अपने परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान ने सफाईकर्मियों के काम को पहचान दिलाई है। प्रयागराज महाकुंभ में करीब 66 करोड़ श्रद्धालुओं के आने के बावजूद स्वच्छता की व्यवस्था को लेकर लोगों ने तारीफ की थी।

yogi-adityanath-varanasi-prayagraj-mirzapur-visits-jobs-mafia-action (2)

ये भी पढ़ें:

16 हजार रुपये न्यूनतम मानदेय का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के मानदेय में कटौती करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार उनके लिए न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय, ईएसआई के तहत इलाज की सुविधा, सुरक्षा बीमा और भविष्य निधि यानी पीएफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कह रही है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में कर्मचारी के परिवार को आर्थिक परेशानी से बचाने के लिए सुरक्षा बीमा अहम है।

Advertisement

काशी के बदलाव के साथ नागरिकों की जिम्मेदारी भी बताई

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी की तस्वीर बदली है। पहले संकरी गलियों में गंदगी, जाम, खराब घाट और बिजली की समस्याएं आम थीं। अब शहर अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सहेजते हुए विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार निर्माण कार्य करा सकती है, लेकिन उनकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी आम लोगों की भी है। विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी की ओर से 19 जुलाई से 2 अक्टूबर तक चलाए गए 76 दिवसीय वार्ड प्रवास और स्वच्छता अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नियमित सफाई से डेंगू, मलेरिया और दूसरी बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है।

yogi-adityanath-varanasi-prayagraj-mirzapur-visits-jobs-mafia-action (3)

महापुरुषों का सम्मान किसी परिवार की बपौती नहीं

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से घर-घर तक पहुंच बनाने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की अपील की। अभियान के दौरान जरूरतमंदों को स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड, आवास और पीएम विश्वकर्मा योजना जैसी सुविधाओं से जोड़ने की बात भी कही। योगी ने महाराजा बिजली पासी और वीरांगना ऊदा देवी के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि देश के लिए संघर्ष करने वाले महापुरुषों को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि लखनऊ में महाराजा बिजली पासी के किले का पुनरुद्धार कराया गया है और वीरांगना ऊदा देवी के नाम पर पीएसी बटालियन गठित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों का सम्मान किसी परिवार की बपौती नहीं है। देश और समाज के लिए योगदान देने वाले सभी लोगों को उचित पहचान मिलनी चाहिए।

प्रयागराज: मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण, राहुल गांधी पर बरसे योगी

मुख्यमंत्री ने तेलियरगंज चौराहे पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व सांसद महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी नोट कर लें कि देश की आजादी के लिए केवल नेहरू जी ही नहीं, बल्कि मसुरियादीन जी भी जेल गए थे। इनकी आयु 66-67 वर्ष रही, जिसमें 9 वर्ष (1932-1944) वह आजादी की अलख जगाने के लिए जेल में रहे। रिहा होने पर भी वह जन-जागरण करते रहे थे। सीएम ने महापौर से प्रस्ताव मांगा और कहा कि जहां मसुरियादीन जी की प्रतिमा लगी है, वह चौराहा उनके नाम पर बनेगा। उन्होंने प्रयागराज के गवर्नमेंट प्रेस मैदान में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में आयोजित सम्मेलन में सरकारी भर्ती को लेकर सपा पर निशाना साधा।

yogi-adityanath-varanasi-prayagraj-mirzapur-visits-jobs-mafia-action (4)

योग्य शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण का माध्यम

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी होती थी और मेहनत करने वाले युवाओं को नुकसान उठाना पड़ता था। योगी ने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य है। उनके मुताबिक, पुलिस भर्ती में 32 हजार युवाओं को नौकरी दी जा रही है, चार हजार उपनिरीक्षकों की भर्ती पूरी हो चुकी है और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती पूरी होने की जानकारी दी गई। लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और शिक्षा सेवा चयन आयोग के जरिए 30 से 35 हजार अतिरिक्त पदों पर भर्ती की बात भी कही। उन्होंने प्रयागराज की शैक्षिक विरासत का उल्लेख करते हुए महर्षि भारद्वाज, इलाहाबाद विश्वविद्यालय और गुरु-शिष्य परंपरा का जिक्र किया। कहा कि योग्य शिक्षक ही युवाओं की प्रतिभा को निखारकर शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बना सकता है।

माफिया से मुक्त जमीन पर गरीबों के लिए आवास

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय प्रयागराज में माफिया का दबदबा था, जिससे आम लोगों, व्यापारियों और प्रतिभाशाली युवाओं के सामने मुश्किलें खड़ी होती थीं। उन्होंने दावा किया कि माफिया से मुक्त कराई गई जमीनों पर गरीबों के लिए बहुमंजिला आवास बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में करीब 66 करोड़ श्रद्धालुओं का पहुंचना शहर में हुए बदलाव का उदाहरण है। स्नातक मतदाताओं से 23 अक्टूबर को भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इस दिन मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतदाताओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

yogi-adityanath-varanasi-prayagraj-mirzapur-visits-jobs-mafia-action (5)

मीरजापुर: शिक्षक-स्नातक सम्मेलन में सपा पर हमला, भर्ती और शिक्षा को लेकर किए दावे

मीरजापुर में वाराणसी खंड शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान में बाधा बताया। उन्होंने कहा कि सपा के शासन में मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर, विश्वविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों, पुलों और घाटों के निर्माण में अड़चनें आईं। भाजपा प्रत्याशी शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद मिश्रा और स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से 23 अक्टूबर को मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोनों प्रत्याशी पिछला चुनाव नहीं जीतने के बावजूद शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं।

सैफई सिंडिकेट के जरिए भर्ती में होती थी गड़बड़ी

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान सरकारी नौकरियों में एक खास समूह का दबदबा था। उनके मुताबिक, भर्ती आयोग के अध्यक्ष पद पर ऐसे व्यक्ति को बैठाया गया, जो उस पद के योग्य नहीं था। उन्होंने तत्कालीन आयोग अध्यक्ष अनिल यादव का जिक्र करते हुए कहा कि हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद उन्हें पद से हटना पड़ा। योगी ने दावा किया कि भाजपा सरकार के करीब साढ़े नौ साल के कार्यकाल में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई। विभिन्न क्षेत्रों में 65 लाख लोगों को रोजगार मिला, जबकि एक जिला एक उत्पाद यानी ODOP योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर विकसित हुए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या बढ़ी है और युवा अब नौकरी तलाशने के साथ दूसरों को रोजगार देने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं।

yogi-adityanath-varanasi-prayagraj-mirzapur-visits-jobs-mafia-action (6)

पीडीए के नारे पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की राजनीति पर सवाल उठाते हुए राज्यसभा प्रत्याशियों के चयन का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने अपने परिवार और आर्थिक रूप से संपन्न लोगों को प्राथमिकता दी, जबकि दलितों और पिछड़ों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया। इसके उलट उन्होंने भाजपा की ओर से आठ प्रत्याशियों में तीन सामान्य वर्ग, तीन पिछड़े वर्ग और दो अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों को टिकट देने का जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर परिवार केंद्रित राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

ये भी पढ़ें  नाम शरीफ और हरकत इतनी शर्मनाक... दूध में थूक कर घरों में सप्लाई करने वाला गिरफ्तार

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link