National

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस का UP कनेक्शन, सीतापुर की राधा ने पहुंचाई पिस्टल, साथ में थी आजमगढ़ की बबिता

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राधा व बबिता समेत चार को पकड़ा, सीतापुर के गांव पहुंची पुलिस, परिवार से जुटाई जा रही जानकारी

न्यूज डेस्क, 21 अक्टूबर 2026:

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में उत्तर प्रदेश का कनेक्शन सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में सीतापुर की राधा समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में आरोप है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार अमृतसर से लाकर राधा व आजमगढ़ की बबीता के जरिए मुंबई पहुंचाया गया था। राधा की गिरफ्तारी के बाद सीतापुर पुलिस भी सक्रिय हो गई है। नैमिषारण्य क्षेत्र के नहवैया गांव पहुंची पुलिस उसके परिवार, पुराने संबंधों व स्थानीय संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

हथियार पहुंचाने में राधा की भूमिका की जांच

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों में हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल (21), सुमित (19), सीतापुर की राधा (23) व आजमगढ़ के कोठियार की बबीता (23) शामिल हैं। चारों को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि कुनाल अमृतसर से एक पिस्टल व 20 कारतूस लेकर आया था। इसके बाद 15 अक्टूबर को वह राधा व बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन ले गया। पिस्टल राधा के बैग में रखी थी। दोनों ट्रेन से मुंबई रवाना हुईं। पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को वे दादर स्टेशन पहुंचीं और वहां एक होटल में ठहरीं।

नाबालिग को दिया था पिस्टल वाला बैग

आरोप है कि उसी दिन सुबह करीब 11 बजे होटल के पास एक नाबालिग लड़का राधा से बैग लेकर चला गया। अगले दिन 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। पुलिस अब पता लगा रही है कि बैग ले जाने वाला लड़का कौन था, हथियार किसे सौंपा गया और फायरिंग करने वालों से गिरफ्तार आरोपितों का किस स्तर तक संपर्क था।

ये भी पढ़ें:

फायरिंग के बाद दिल्ली लौट गईं राधा व बबीता

स्पेशल सेल के मुताबिक, फायरिंग के बाद कथित तौर पर शूटरों के मुंबई में फंसने की सूचना कुनाल को मिली थी। इसके बाद उसे उनके निकलने की व्यवस्था करने के लिए कहा गया। जांच में सामने आया है कि राधा व बबीता 18 अक्टूबर को ही दादर से हरिद्वार एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। 20 अक्टूबर को दोनों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया गया। कुनाल व सुमित को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया।

Advertisement

अनिल पंडित के संपर्क में था कुनाल

पुलिस का दावा है कि कुनाल एन्क्रिप्टेड एप के जरिए अनिल पंडित के संपर्क में था। आरोप है कि वह उसके निर्देशों पर काम कर रहा था। जांच एजेंसी अब हथियार की खरीद, मुंबई तक उसकी आपूर्ति, फायरिंग में शामिल लोगों व घटना के बाद आरोपितों के निकलने की व्यवस्था से जुड़ी कड़ियों की पड़ताल कर रही है।

पति को छोड़, बच्चे को लेकर चली गई थी राधा

राधा की गिरफ्तारी के बाद नैमिषारण्य थाने की पुलिस नहवैया गांव पहुंची। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में गांव पहुंचे और उसके परिवार व पुराने संबंधों के बारे में जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राधा की शादी सुनील से वर्ष 2015 में हुई थी। सुनील के अनुसार, वर्ष 2018 में दोनों का रिश्ता टूट गया था। उसने बताया कि शादी के दो से तीन साल बाद राधा अपने मौसी के बेटे के साथ एक साल के बच्चे को लेकर चली गई थी। बताया जाता है कि वह युवक कानपुर के दादुरपुर का रहने वाला है। सुनील के परिवार में उसकी दूसरी पत्नी से तीन बच्चे हैं। हालांकि, पुलिस की जांच का मुख्य बिंदु यह है कि हथियार मुंबई पहुंचाने में उसकी क्या भूमिका थी और फायरिंग करने वालों से उसका सीधा संपर्क था या नहीं।

मुंबई पुलिस को मिली तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चारों आरोपितों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(1)(बी) के तहत कलंदरा के माध्यम से अदालत में पेश किया था। इसके बाद मुंबई स्थित महाराष्ट्र पुलिस की सीआईडी टीम ने आरोपितों से हिरासत में पूछताछ व औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। अदालत ने आवेदन स्वीकार करते हुए चारों की औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति दे दी।

तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड को मंजूरी

इसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें मुंबई ले जाने के लिए तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी। अब मुंबई पुलिस की सीआईडी आरोपितों से पूछताछ कर हथियार की आपूर्ति, उसे लेने वाले व्यक्ति व फायरिंग की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास करेगी। सीतापुर पुलिस भी राधा के स्थानीय संपर्कों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की तस्वीर पूछताछ व जांच के बाद स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें  मुस्तफाबाद का नाम होगा कबीरधाम... CM योगी का लखीमपुर खीरी में ऐलान, विपक्ष पर ऐसे बोला हमला

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link