Lucknow CityUttar Pradesh

देव दीपावली : काशी घूमने का सुनहरा मौका, UPSTDC लाया खास टूर पैकेज, जानिए कितने से शुरू होगी बुकिंग

चार दिन और तीन रात की यात्रा में गंगा आरती, काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन और जगमगाते घाटों का मिलेगा अनुभव, बजट, डीलक्स और प्रीमियम श्रेणियों में उपलब्ध होंगे पैकेज

लखनऊ, 21 अक्टूबर 2026:

वाराणसी की देव दीपावली का अलौकिक नजारा देखने और गंगा के जगमगाते घाटों के बीच काशी की आध्यात्मिकता को करीब से महसूस करने की योजना बना रहे पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (यूपीएसटीडीसी) ने देव दीपावली-2026 के लिए चार दिन और तीन रात का विशेष टूर पैकेज तैयार किया है। ‘देव दीपावली-दिव्य काशी अनुभव’ नाम से शुरू की गई इस पहल के तहत पर्यटकों को गंगा आरती, नौका विहार, काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन और सारनाथ भ्रमण सहित कई खास अनुभव मिलेंगे। पैकेज की शुरुआती कीमत 15,999 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को काशी की प्राचीन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और देव दीपावली की भव्यता से रूबरू कराना है। दीपों से सजे घाट, गंगा की लहरों के बीच नौका विहार और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस यात्रा को खास बनाएंगी।

गंगा आरती से शुरू होगा काशी दर्शन

यात्रा के पहले दिन वाराणसी पहुंचने पर पर्यटकों का एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया जाएगा। होटल में चेक-इन के बाद काशी विश्वनाथ धाम में संध्या दर्शन और गंगा आरती का अनुभव मिलेगा। दूसरे दिन सुबह गंगा में नौका विहार के साथ काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इनमें काशी विश्वनाथ मंदिर, विशालाक्षी मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर और काल भैरव मंदिर शामिल हैं। इसके बाद पर्यटक सारनाथ का भ्रमण भी करेंगे।

यात्रा का तीसरा दिन देव दीपावली के उत्सव के नाम रहेगा। इस दौरान पर्यटक दीपों से जगमगाते गंगा घाटों, आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे। विशेष ‘देव दीपावली गंगा बोट एक्सपीरियंस’ के जरिए गंगा की लहरों के बीच से रोशनी में नहाए घाटों को देखने का अवसर मिलेगा। यह अनुभव काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक छटा को करीब से महसूस करने का मौका देगा।

Advertisement

15,999 रुपये से शुरू, तीन श्रेणियों में पैकेज

यूपीएसटीडीसी ने अलग-अलग बजट वाले पर्यटकों के लिए तीन श्रेणियों में पैकेज तैयार किए हैं। बजट श्रेणी में स्टैंडर्ड होटल के साथ प्रति व्यक्ति 15,999 रुपये, डीलक्स श्रेणी में तीन सितारा होटल के साथ 21,999 रुपये और प्रीमियम श्रेणी में चार या पांच सितारा होटल के साथ 31,999 रुपये खर्च करने होंगे। सभी दरें ट्विन शेयरिंग के आधार पर हैं और इन पर जीएसटी अतिरिक्त लगेगा।

पैकेज में तीन रात का होटल प्रवास, रोजाना नाश्ता, एसी परिवहन, देव दीपावली की विशेष बोट राइड, सुबह का गंगा नौका विहार, गंगा आरती, मंदिर दर्शन, सारनाथ भ्रमण और टूर एस्कॉर्ट या प्रतिनिधि की सुविधा शामिल है।
upstdc-dev-deepawali-varanasi-tour-package-2026 (2)

वेबसाइट और फोन से करा सकते हैं बुकिंग

इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर जाकर या 83030 19844 नंबर पर संपर्क कर पैकेज की बुकिंग और अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के अनुसार, इस पहल से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी। विभाग का लक्ष्य काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाना है।

ये भी पढ़ें  LU के दीक्षांत में छात्रों को डिजिटल डिग्री, गोल्ड मेडल मिले, राज्यपाल ने गिनाईं ये कमियां

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link