
अनिल निषाद
अयोध्या, 21 अक्टूबर 2026ः
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने विपक्ष पर हमला बोला और विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी और समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। इसके बाद वे बस्ती में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रवाना हो गए। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद डॉ. महेश शर्मा व पूर्व मंत्री सुनील भराला भी अयोध्या पहुंचे और बस्ती के लिए रवाना हो गए।
विधानसभा चुनाव में सपा का अहंकार हो जाएगा चूर
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में अयोध्या समेत कुछ सीटों पर जीत के बाद सपा को जो अहंकार हुआ है, वह आगामी विधानसभा चुनाव में चूर हो जाएगा। अखिलेश यादव के रामराज्य संबंधी बयान पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा नकली समाजवाद की टोपी पहनकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने सपा पर अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देने व जमीनों पर कब्जे कराने के आरोप भी लगाए।
अखिलेश की परिवारवाद की राजनीति को जनता समझ गई
उधर, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा और सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा की एकतरफा जीत होगी। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा की परिवारवाद और पैसे वालों को मौका देने की राजनीति को जनता समझ चुकी है। मंत्री ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह सच्चे सनातनी हैं तो मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर निर्माण के लिए भाजपा का साथ देने की घोषणा करें।

राम मंदिर आस्था का केंद्र, नहीं होनी चाहिए राजनीति
भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा और पूर्व मंत्री सुनील भराला ने भी मीडिया से बातचीत में विपक्षियों पर निशाना साधा। डॉ. महेश शर्मा ने राम मंदिर को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि अयोध्या आकर हर बार मन आह्लादित हो जाता है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर श्रद्धा और आस्था का केंद्र है, इसलिए इस विषय पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। वहीं, आगामी चुनावों को लेकर पूर्व मंत्री सुनील भराला ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता एक चुनाव का परिणाम आने के 24 घंटे बाद से ही अगले चुनाव की तैयारियों में जुट जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने देगी।






