Akhilesh Yadav की अफसरों को दो टूक चेतावनी : ‘पार्टी वर्कर बनकर काम किया तो जेल जाने की तैयारी रखें’
एमएलसी चुनाव में धांधली और वोटों की हेराफेरी का लगाया आरोप, बोले- बीएसए और डीआईओएस भी नहीं बचेंगे, मंत्रियों के पास वोटर लिस्ट पहुंचने पर उठाए सवाल

लखनऊ, 22 अक्टूबर 2026:
यूपी एमएलसी चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सरकारी अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निष्पक्षता से निभाएं और किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता की तरह काम न करें। अगर अधिकारी पार्टी वर्कर बनकर काम करेंगे तो उन्हें जेल जाने की तैयारी रखनी चाहिए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि चुनाव में वोटों की हेराफेरी और धांधली की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि बदलाव आने पर कानून और न्याय ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
लखनऊ के मोहान रोड स्थित काकोरी के एक रिसॉर्ट में पहुंचे अखिलेश ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग और अधिकारियों से उनकी अपील है कि वे निष्पक्ष रहें और वोट चोरी न होने दें। उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों के खिलाफ तथ्य और प्रमाण सामने आएंगे, जो उन्हें जेल भेजने के लिए पर्याप्त होंगे। अखिलेश ने अयोध्या चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अधिकारियों को चेताया था। आज नहीं तो कल, जब बदलाव आएगा, कानून और न्याय उन्हें जेल भेजेंगे।
‘शिक्षकों को फोन कर धमका रहे डीआईओएस और बीएसए’
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा बिना हेराफेरी और धांधली के चुनाव नहीं जीत सकती। शिक्षक-स्नातक निर्वाचन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शिक्षकों को डराने-धमकाने और बेईमानी करने के लिए लगाया जा रहा है। उनके मुताबिक जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) फोन कर शिक्षकों को धमका रहे हैं।
अखिलेश ने शिक्षा विभाग में कथित लूट और ट्रांसफर-पोस्टिंग में पैसे लिए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीएसए और डीआईओएस भी कार्रवाई से बच नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच में कई अधिकारियों और अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।
मंत्रियों के पास कैसे पहुंची वोटर लिस्ट?
एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची को लेकर भी अखिलेश ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब वोटर लिस्ट आम लोगों के पास उपलब्ध नहीं है तो भाजपा के मंत्रियों और नेताओं तक कैसे पहुंच गई? उन्होंने आशंका जताई कि इसके लिए किसी कंपनी को काम पर लगाया गया होगा। अखिलेश ने डिप्टी सीएम के नाम से हो रही वॉयस कॉलिंग का जिक्र करते हुए कहा कि बिना मतदाताओं का डेटा हासिल किए ऐसा संभव नहीं है।
उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और वॉयस कॉल रिकॉर्ड करने की अपील की। अयोध्या चुनाव की रिकॉर्डिंग होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में कथित धांधली के सबूत जुटाए जाने चाहिए।
एलडीए को बताया भ्रष्टाचार का अड्डा
अखिलेश ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को भी भ्रष्टाचार का विभाग बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने इसे भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। उन्होंने सरकार पर अपनी सत्ता बचाने में जुटे रहने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि जो भेदभाव करता है, सच नहीं बोलता और दूसरों के प्रति प्रेम नहीं रखता, वह सनातनी नहीं हो सकता।






