Lucknow City

Shiva Sharma Murder Case : मोस्ट वांटेड मॉडल श्रद्धा दुबे को STF लखनऊ लाई, पूछताछ जारी… खुलेंगे कई राज!

50 हजार की इनामी श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को एसटीएफ ने नागपुर में दबोचा था, जांच में करीबी आमिर का नाम आया सामने, फर्जी पहचान पत्र पर सिम दिलाने और नेपाल भागने में मदद करने का आरोप

लखनऊ, 22 अक्टूबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के चर्चित युवा कारोबारी शिवा शर्मा (28) की हत्या के केस में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे को नागपुर में गिरफ्तार कर एसटीएफ टीम लखनऊ ले आई है। 50 हजार रुपये की इनामी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश के साथ एसटीएफ टीम गुरुवार सुबह लखनऊ पहुंची और तीनों को हजरतगंज थाने ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड में अब जांच की सुई श्रद्धा के कथित प्रभावशाली मददगारों और महाराष्ट्र कनेक्शन पर टिकी है।

नागपुर से सड़क मार्ग के जरिए लखनऊ पहुंची एसटीएफ

यूपी एसटीएफ ने तीनों आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार करने के बाद सड़क मार्ग से लखनऊ पहुंचाया। सुरक्षा के मद्देनजर हजरतगंज थाने में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला पुलिसकर्मियों की भी बड़ी संख्या में तैनाती की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा जिससे मामले से जुड़े तथ्यों की गहराई से पड़ताल की जा सके।
shiva-sharma-murder-case-shraddha-dubey-stf-lucknow (2)

नेपाल भागने में आमिर ने की थी मदद?

इस मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब जांच के दौरान श्रद्धा दुबे के करीबी आमिर की भूमिका सामने आने की जानकारी मिली। सूत्रों के मुताबिक शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा के साथ आमिर के नेपाल जाने की बात सामने आई है। यह भी दावा किया जा रहा है कि घटना के समय आमिर मौके पर मौजूद था और उसने श्रद्धा को नेपाल भागने में मदद की थी।

ये भी पढ़ें:

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार आमिर ने श्रद्धा को कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र के आधार पर सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया था। आरोप है कि इस सिम का इस्तेमाल फरारी के दौरान संपर्क बनाए रखने के लिए किया गया। हालांकि, आमिर की भूमिका और इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट होगी।

Advertisement

‘संजय सर’ से कनेक्शन पर भी उठ रहे सवाल

श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद अब उसके कथित प्रभावशाली संपर्कों और मददगारों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ‘संजय सर’ और अन्य कथित हाईप्रोफाइल लोगों से उसके संबंधों की चर्चा के बीच पुलिस की पूछताछ अहम मानी जा रही है। एसटीएफ आमिर से पूछताछ के जरिए श्रद्धा के अन्य संभावित मददगारों और नेपाल कनेक्शन से जुड़ी जानकारियां जुटाने में लगी है।
shiva-sharma-murder-case-shraddha-dubey-stf-lucknow (3)

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि शिवा शर्मा की मौत से लेकर श्रद्धा के फरार होने तक आखिर क्या-क्या हुआ और किसने उसकी मदद की? पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्य इस चर्चित हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अहम साबित हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें  शिवा शर्मा हत्याकांड : 11 दिन से फरार वांटेड मॉडल श्रद्धा दुबे गिरफ्तार, बहन व ड्राइवर भी दबोचे गए

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link