Lucknow Metro यात्रियों को राहत : गो स्मार्ट कार्ड NCMC में बदलने की बढ़ी डेट, अब 30 तक मौका
62 हजार से अधिक यात्री करा चुके हैं NCMC कार्ड में बदलाव, पुराने कार्ड को मुफ्त में बदलवाने के लिए यात्रियों को मिला एक सप्ताह का अतिरिक्त समय, देशभर में मेट्रो, बस और पार्किंग में भी कर सकेंगे इस्तेमाल

लखनऊ, 22 अक्टूबर 2026:
लखनऊ मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) में बदलवाने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 30 अक्टूबर कर दी है। पहले यह सुविधा 23 अक्टूबर तक उपलब्ध थी। अब यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपने पुराने कार्ड को नए एनसीएमसी कार्ड में बदलवा सकेंगे। यूपीएमआरसी के मुताबिक अब तक 62 हजार से अधिक यात्री इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।
पुराने कार्ड को बदलवाने के लिए क्या करना होगा?
गो स्मार्ट कार्ड धारकों को एनसीएमसी कार्ड प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सबसे पहले उन्हें अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड में मौजूद पूरी शेष राशि का इस्तेमाल करना होगा। इसके बाद मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर पुराने कार्ड का सत्यापन कराना होगा। सत्यापन के बाद यात्री को सरेंडर रसीद (Surrender Receipt) दी जाएगी।
इसके बाद पुराने गो स्मार्ट कार्ड और सरेंडर रसीद को स्टेशन पर मौजूद एयरटेल पेमेंट्स बैंक के कियोस्क पर जमा करना होगा। मोबाइल फोन पर ओटीपी सत्यापन पूरा होने के बाद यात्री को नया एनसीएमसी कार्ड मुफ्त जारी कर दिया जाएगा। इसके लिए यात्रियों को 30 अक्टूबर तक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
देशभर में सफर के लिए एक कार्ड, लखनऊ मेट्रो में 10% छूट
एनसीएमसी कार्ड का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसका इस्तेमाल केवल लखनऊ मेट्रो तक सीमित नहीं रहेगा। यह एक इंटर-ऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है। इसे स्वीकार करने वाली देश की अन्य मेट्रो सेवाओं, बसों, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे अलग-अलग परिवहन सेवाओं के लिए बार-बार टिकट खरीदने की जरूरत कम होगी।
एनसीएमसी कार्ड से लखनऊ मेट्रो में हर यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। इसके अलावा, यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारों में लगने से राहत मिलेगी। एनसीएमसी सुविधा का शुभारंभ यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने 21 जुलाई 2026 को किया था।

कहां मिलेगा एनसीएमसी कार्ड?
यात्री लखनऊ मेट्रो के सभी स्टेशनों पर स्थित एयरटेल पेमेंट्स बैंक के काउंटर या कियोस्क से एनसीएमसी कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। नए कार्ड को जारी करने का शुल्क 100 रुपये है, जो वापस नहीं किया जाएगा। हालांकि, पुराने गो स्मार्ट कार्ड को एनसीएमसी कार्ड में बदलवाने की मौजूदा विशेष सुविधा पूरी तरह मुफ्त है। कार्ड जारी करने के लिए मोबाइल ओटीपी सत्यापन की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए केवाईसी की आवश्यकता नहीं है।
कार्ड को एनसीएमसी कियोस्क, टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम), लखनऊ मेट्रो ऐप और एयरटेल ऐप के माध्यम से डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई से रिचार्ज किया जा सकता है।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने गो स्मार्ट कार्ड धारकों से कहा कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर समय रहते अपने कार्ड बदलवा लें और स्मार्ट, सुविधाजनक एवं सुगम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में कदम बढ़ाएं।






