Lucknow City

AI बताएगा युवाओं को रोजगार के रास्ते : UP के सभी मंडलों में डिजिटल मैप पर दिखेंगी नौकरियां

‘Blue DotsAI’ प्लेटफॉर्म से हुनरमंद युवाओं और कंपनियों को जोड़ने की तैयारी, गाजियाबाद के पायलट प्रोजेक्ट में 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में मैप पर खोजने योग्य बनीं 25 हजार से अधिक नौकरियां

लखनऊ, 23 अक्टूबर 2026:

यूपी में अब युवाओं को रोजगार की तलाश में भटकने से राहत दिलाने और स्थानीय स्तर पर नौकरी के अवसरों तक उनकी पहुंच आसान बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जाएगा। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) अपने ‘Blue DotsAI’ प्लेटफॉर्म का विस्तार प्रदेश के सभी 18 मंडलों में करने की तैयारी कर रहा है। इस डिजिटल मंच पर युवाओं को उनके आसपास उपलब्ध नौकरियों की जानकारी मिलेगी। कंपनियां भी अपनी जरूरत के मुताबिक योग्य उम्मीदवारों की तलाश कर सकेंगी। खास बात यह है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित वॉइस बॉट के जरिए भर्ती की जरूरतें बोलकर भी दर्ज कराई जा सकेंगी।

मिशन निदेशक पुलकित खरे के निर्देशन में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और एक फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके साथ ही जून से संचालित इस पहल को औपचारिक रूप से मिशन से जोड़ दिया गया है। इसका उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण और उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। इससे प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

डिजिटल मैप पर दिखेंगी आसपास की नौकरियां

‘Blue DotsAI’ एक डिजिटल डिस्कवरी प्लेटफॉर्म है। इसके जरिए मैप पर आसपास की रिक्तियों और उम्मीदवारों की जानकारी हासिल की जा सकेगी। गाजियाबाद में इसके पायलट प्रोजेक्ट के दौरान 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में 25 हजार से अधिक नौकरियों को मैप पर खोजने योग्य बनाया गया है। अब इसी अनुभव के आधार पर इसे प्रदेश के सभी 18 मंडलों तक पहुंचाने की योजना है।

ये भी पढ़ें:

प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवा संबंधित कंपनी, रिक्त पदों की संख्या, शुरुआती वेतन, ओवरटाइम और पिक-अप व ड्रॉप जैसी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें नौकरी चुनने से पहले उपलब्ध विकल्पों को समझने में मदद मिलेगी। कंपनियां भी अपनी जरूरत के अनुसार उम्मीदवारों के प्रोफाइल तलाश सकेंगी।

Advertisement

blue-dotsai-up-naukri-digital-map-18-mandal (2)

MSME और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर रहेगा फोकस

प्लेटफॉर्म पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), मैन्युफैक्चरिंग और रिटेल क्षेत्र में उपलब्ध नौकरियों को प्रमुखता दी जाएगी। अपैरल, फूड एंड बेवरेज जैसे क्षेत्रों के साथ वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन और मशीन ऑपरेटर जैसे तकनीकी पदों को भी शामिल किया जाएगा। इससे स्थानीय उद्योगों को जरूरत के मुताबिक कर्मचारी तलाशने और युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप काम पाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बोलकर दर्ज होगी भर्ती की जरूरत, AI करेगा मदद

इस प्लेटफॉर्म की प्रमुख विशेषता एआई आधारित वॉइस बॉट है। कंपनियां और इंडस्ट्री एसोसिएशन हिंदी, अंग्रेजी या अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में बोलकर अपनी भर्ती संबंधी जरूरतें दर्ज करा सकेंगे। इससे नौकरी की रिक्तियों को डिजिटल मंच पर दर्ज करने की प्रक्रिया आसान होगी। वहीं, वॉइस बॉट उम्मीदवारों से संपर्क कर उनकी प्रोफाइल के अनुरूप उपलब्ध नौकरियों की जानकारी दे सकेगा। उम्मीदवार की सहमति से आवेदन प्रक्रिया में भी सहायता की जाएगी। इसके अलावा काउंसलिंग, मॉक इंटरव्यू और इंडस्ट्री एसोसिएशन के साथ सीधे संवाद के जरिए युवाओं को नौकरी के लिए तैयार करने पर जोर रहेगा।

कौशल से रोजगार तक आसान होगी राह

प्रदेश में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगारपरक अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। ‘Blue DotsAI’ इसी दिशा में एक तकनीक आधारित पहल है। इसके जरिए प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं की दक्षता और कंपनियों की जरूरतों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का लक्ष्य है। सभी 18 मंडलों में विस्तार के बाद इस पहल का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें  Lucknow News: आग से धुआं धुआं हुआ लोकबंधु हॉस्पिटल, फायर सेफ्टी सिस्टम पर उठे सवाल

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link