विकास कार्यों के लिए 496 करोड़ की सौगात, शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने में सबसे ज्यादा होगा खर्च
कुंभ मेला 2027 को लेकर हरिद्वार के बहादराबाद में कांगड़ा घाट के विस्तार के लिए 8.43 करोड़ किए स्वीकृति, देवप्रयाग, पिथौरागढ़ व देहरादून में मार्गों के विस्तार व सुधार के लिए भी मंजूर की गई धनराशि

देहरादून, 23 अक्तूबर 2026ः
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 496 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृति की। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में खर्च होगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित समग्र शिक्षा योजना के तहत संचालित माध्यमिक, प्रारम्भिक विद्यालय, शिक्षक शिक्षा की स्थापना के तहत वेतन भत्तों आदि के लिए 445.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कुंभ मेला 2027 की तैयारी के लिए 14.57 करोड़ मंजूर
कुंभ मेला 2027 के तहत हरिद्वार के बहादराबाद में गंगा नहर पर स्थित कांगड़ा घाट के विस्तार के लिए 8.43 करोड़ सहित कुंभ मेला के लिए किराये के आधार पर फर्नीचर और सजावटी कपड़े के लिए व्यय वित्त समिति द्वारा 14.57 करोड़ के कार्य की स्वीकृति दी गई है। पौडी गढ़वाल के लैंसडौन के तहत रिखणीखाल में लोनिवि आतिथि गृह के पास हैलीपैड के निर्माण के लिए 13.50 लाख और चम्पावत के लोहाघाट के ग्राम पंचायत मूलाकोट के डचूडा बाजार में राजकीय इंटर कालेज मूलाकोट तक दीवार सहित इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 46.46 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई।
नैनीताल व उधमसिंहनगर में सड़कों के सुधार के लिए बजट मंजूर
टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग के तहत कीर्तिनगर के जखेड़ से सुमाड़ी कपरोली तक मार्ग का नवनिर्माण करने के लिए 2.04 करोड़, पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट के तहत गणाई बनकोट मार्ग से भट्टीगांव तारसिमोली मार्ग का विस्तार, सुधारीकरण व डामरीकरण के लिए 4.09 करोड़ और देहरादून के चकराता के कालसी में उद्पाल्टा-उपरौली मार्ग के अनुरक्षण का कार्य के लिए 1.91 करोड़ दिए गए। नैनीताल के भीमताल में कसियालेख हरिनगर अक्सोडा मार्ग के सुधारीकरण कार्य एवं डामरीकरण के लिए 3.82 करोड़ और उधमसिंहनगर के खटीमा के तहत ग्राम प्रतापपुर में खाद्ध गोदाम से तलवार फार्म होते हुए वकील फार्म तक हॉट मिक्स रोड के निर्माण के लिए 3.84 करोड़ स्वीकृत किए गए।
हुणेश्वर महादेव मंदिर के पास सुंदरीकरण के लिए दी गई धनराशि
पिथौरागढ़ के डीडीहाट के कनालीछीना के तहत ग्राम सभा ओझातल्ला के ढुंगालगांव से ओझातल्ला तक सम्पर्क मार्ग के निर्माण के लिए 61.39 लाख और लोहाघाट-बाराकोट-सिमलखेत-काफलीखान भनोली एनएच 57 मार्ग में सुधार व डामरीकरण के लिए 4.94 करोड़ व उधमसिंहनगर के सितारगंज के ग्राम सुरेन्द्रनगर में हर्षित विश्वास के घर से किंचून मंडल के घर की ओर मार्ग के पुनः निर्माण के लिए 87.94 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई। टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर में हुणेश्वर महादेव मंदिर के निकट धर्मशाला, कक्षों व शौचालयों का निर्माण एवं सुंदरीकरण के लिए 98.77 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई।






