Lucknow News : खतरनाक लंगूर, ट्रैक्टर स्टार्ट होते ही करता है हमला,15 लोग हो चुके घायल, गांव में फैली दहशत
निगोहां के भद्दी शीर्ष गांव में डेरा जमाए है लंगूर, तहसील दिवस में शिकायत पर भी नहीं हुई कार्रवाई

एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 25 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र स्थित भद्दी शीर्ष गांव में एक लंगूर के आतंक से ग्रामीणों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों का दावा है कि लंगूर अब तक करीब 15 लोगों को हमला कर घायल कर चुका है। खास बात यह है कि ट्रैक्टर स्टार्ट होने या गुजरने की आवाज सुनते ही वह आक्रामक हो जाता है और उसके पीछे दौड़कर हमला करने की कोशिश करता है। इससे गांव के लोगों में डर बना हुआ है।
ट्रैक्टर चालकों को बना रहा निशाना
ग्रामीणों के मुताबिक, लंगूर का व्यवहार लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। खासकर ट्रैक्टर लेकर गांव से गुजरने वाले लोगों को उसके हमले का डर सताता है। ट्रैक्टर स्टार्ट होते ही लंगूर आक्रामक होकर उसकी तरफ दौड़ने लगता है। ऐसे में चालकों को रास्ते से गुजरते समय सतर्क रहना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि लंगूर के इस व्यवहार से आम लोगों के साथ ही राहगीरों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

15 लोगों पर हमले के बाद सहमे हैं ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि लंगूर के हमले में सूरज कुमार, नीरज कुमार, राजू रावत, अमरेश कुमार, रामसागर, दिनेश, अरविंद, पंकज, मनोज, आकाश, नागेश्वर, दीपक रावत, चंगा, अंजनी राजपूत और बदलू साहू घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इन लोगों पर लंगूर ने हमला किया है। लगातार हो रही घटनाओं के चलते लोग उसके सामने पड़ने से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
तहसील दिवस में दी गई थी शिकायत
गांव के पूर्व प्रधान मुकेश कुमार ने बताया कि लंगूर के आतंक की समस्या को लेकर तहसील दिवस में लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी समस्या बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों को उम्मीद थी कि संबंधित विभाग लंगूर को पकड़ने के लिए कदम उठाएगा, लेकिन अभी तक उन्हें राहत नहीं मिली है।

हादसे के बाद उग्र हुआ बंदरों का झुंड
बताया गया कि लगभग एक सप्ताह पूर्व यहां लंगूर बंदरों का झुंड आया था। इसी दौरान बंदर के एक बच्चे की मौत वाहन से कुचलकर हो गई। इसके बाद झुंड तो ज्यादा दिन नहीं रुका लेकिन बच्चे से जुड़ा लंगूर आक्रामक हो गया। धीरे-धीरे वाहन सवार खासकर ट्रैक्टर सवार लोग इसका निशाना बनने लगे।

लंगूर को पकड़ने की मांग
भद्दी शीर्ष गांव के ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से लंगूर को पकड़वाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक लंगूर को पकड़ा नहीं जाता, तब तक उसके हमले का खतरा बना रहेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गांव में लोगों का आना-जाना सुरक्षित हो सके।






