Lucknow News : महिला उद्यमी मंच की पहल, महिलाओं ने दिखाई हुनर और कारोबार की ताकत
महिला स्वरोजगार, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए आयोजन, डॉ. नित्या बनीं मंच की अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी गठित
लखनऊ, 25 अक्टूबर 2026:
महिलाओं के हुनर को कारोबार में बदलने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की राह मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक होटल में तवस्या महिला उद्यमी मंच की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में दर्जनों स्टॉल के माध्यम से महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों, रचनात्मकता और व्यावसायिक क्षमताओं का प्रदर्शन किया।
महिला उद्यमिता और कौशल विकास को समर्पित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया। स्टॉल पर प्रदर्शित उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन ने महिलाओं को अपने हुनर को पहचान दिलाने, संभावित ग्राहकों तक पहुंच बनाने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने का मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम में लखनऊ व्यापार मंडल के प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए और महिला उद्यमियों का हौसला बढ़ाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगाए। लाइव बैंड की प्रस्तुति और भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर तवस्या महिला उद्यमी मंच की कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें डॉ. नित्या वर्मा को अध्यक्ष, डॉ. सौम्या त्रिपाठी को उपाध्यक्ष, डॉ. निधि शुक्ला को महासचिव, सुरभि अग्रवाल को सचिव और ज्योति आनंद को कोषाध्यक्ष चुना गया। आशा सिंह को कार्यकारिणी सदस्य तथा मानसी द्विवेदी को मीडिया समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अध्यक्ष डॉ. नित्या वर्मा के मुताबिक मंच का उद्देश्य महिलाओं को अपने उत्पादों और व्यावसायिक कौशल के प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराने के साथ आपसी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान और नए कारोबार की संभावनाओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में पूर्वांचल जनशक्ति संगठन के वेदप्रकाश राय, अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के प्रभुनाथ राय और लखनऊ व्यापार मंडल के इंद्रजीत सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।






