आगरा में पुलिस चौकी के सामने से पार्किंग कर्मी का अपहरण, 5 आरोपी गिरफ्तार
आगरा, 29 सितंबर 2024:
मयंक चावला,
आगरा के व्यस्ततम चौराहों में से एक, रामबाग चौराहे पर स्थित पुलिस चौकी के सामने से एक पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारी का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। घटना शनिवार दोपहर लगभग 2:00 बजे की है, जब बजरंग दल लिखी हुई एक नीली कार में सवार 4-5 युवकों ने फाउंड्री नगर निवासी पार्किंग कर्मचारी राजा खान को अगवा कर लिया।
घटना के समय राजा खान खाना खाने के लिए रामबाग पुलिस चौकी के पास आया था। तभी कार में सवार युवक उसे जबरन गाड़ी में बिठाकर ले गए। अपहरण के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और टूंडला थाने के पास आरोपियों ने राजा को छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची:
- जितेंद्र कुमार जैन उर्फ गुड्डा उर्फ भामाशाह पुत्र इंद्रकुमार जैन, निवासी बलदेव रोड, शिव नगर, टूंडला थाना, फिरोजाबाद (उम्र 49 वर्ष)
- राजीव सिंह पुत्र बबलू, निवासी बघारा, थाना एत्मादपुर, आगरा (उम्र 21 वर्ष)
- जाबर पुत्र बबलू, निवासी बघारा, थाना एत्मादपुर, आगरा (उम्र 35 वर्ष)
- यश वैश उर्फ मयंक ठाकुर पुत्र विजय कुमार, निवासी शिव आश्रम, बलदेव रोड, थाना टूंडला, फिरोजाबाद (उम्र 37 वर्ष)
- सुरजीत सिंह पुत्र सुरेश चंद्र, निवासी नगला सिंघी, थाना नगला सिंघी, फिरोजाबाद (उम्र 32 वर्ष)
बजरंग दल का स्पष्टीकरण और पुलिस की कार्रवाई:
बजरंग दल के प्रांत संयोजक दिग्विजय नाथ तिवारी ने फोन पर बताया कि यह घटना उन लोगों की करतूत है जो फर्जी तरीके से गाड़ियों पर संगठन का नाम लिखकर चल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में संगठन के किसी भी व्यक्ति का कोई लेना-देना नहीं है।
पुलिस ने समय पर कार्रवाई करते हुए अपहृत राजा खान को सुरक्षित छुड़ाया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।