UP PET : 10 सॉल्वर गिरफ्तार, AI आधारित सॉफ्टवेयर से पहचान, दूसरे के स्थान पर दे रहे थे एग्जाम

लखनऊ, 7 सितंबर 2025:
यूपी में समूह ‘ग’ की भर्तियों के लिए आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के पहले दिन 10 ‘सॉल्वरों’ को गिरफ्तार किया गया। ये सॉल्वर निर्धारित अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। इनको लखनऊ, प्रयागराज, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर, झांसी, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर नगर, गाजियाबाद और संत रविदास नगर से पकड़ा गया है।
दूसरे दिन भी परीक्षा के दौरान अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और जिला प्रशासन द्वारा कड़ी निगरानी रखी गई। आयोग ने अनधिकृत रूप से परीक्षा में शामिल होने वाले सॉल्वरों की पहचान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित सॉफ्टवेयर का उपयोग किया। इस तकनीक की मदद से पहले दिन पहली पाली में 7 और दूसरी पाली में 3 सॉल्वर पकड़े गए। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
यह परीक्षा प्रदेश के 48 जिलों में 1479 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक। पहले दिन की परीक्षा में कुल 76% अभ्यर्थी उपस्थित रहे। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 12,65,998 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 9,64,802 (76.21%) अभ्यर्थी उपस्थित और 3,01,196 (23.79%) अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।






