Lucknow City

समाधान दिवस : फरियादी बोले…खेत मे गाड़ा विद्युत पोल, लिंक मार्ग की हालत जर्जर, अफसरों से हुई तीखी बहस

मोहनलालगंज तहसील समाधान दिवस में अफसरों के सामने पहुंचीं सौ से अधिक शिकायतें, पहले की गईं शिकायतों का निस्तारण न होने पर जताया आक्रोश

एमएम खान

लखनऊ, 3 नवंबर 2025:

मोहनलालगंज तहसील में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। तहसील में 100 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। कई लोगों ने पहले की शिकायतों का निस्तारण न होने पर नाराजगी जताई। बिजली के खंभे और सड़क निर्माण से जुड़े मामलों को लेकर अफसरों और फरियादियों के बीच बहस तक की नौबत आ गई।

कार्यक्रम में एडीएम ट्रांस गोमती राजीव मित्तल, एसडीएम पवन पटेल और एसीपी विकास पांडे मौजूद रहे। उन्होंने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए। निगोहां थाना क्षेत्र के शेरपुर लवल गांव के एक किसान ने बताया कि गांव के प्रधान ने उसकी खेत की जमीन में जबरन बिजली का खंभा गाड़ दिया है। किसान ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई न होने पर वह समाधान दिवस पहुंचा। इस मामले में किसान और संबंधित पक्षों के बीच अधिकारियों के सामने तीखी बहस हुई। अधिकारियों ने मौके की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़ें:

भसण्डा गांव के प्रधान ललित शुक्ला ने बताया कि पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-02 द्वारा बनाई गई लिंक मार्ग की स्थिति बेहद खराब है। यह सड़क गांव के बीच से मोहनलाल खेड़ा तक जाती है, लेकिन बरसात के दौरान इसमें जगह-जगह गड्ढे बन जाते हैं। बरसात का पानी निकल न पाने से सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे पूरे गांव में गंदा पानी और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क को मिट्टी डालकर ऊंचा किया जाए और दोबारा आरसीसी रोड के रूप में बनाया जाए ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। प्रधान ने यह भी कहा कि इस संबंध में पहले भी कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन किसी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

Advertisement

समाधान दिवस में आए अन्य ग्रामीणों ने भी सड़क, नाली, पेयजल, राजस्व और बिजली से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को मामलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच करने और सात दिनों के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। लोगों का कहना था कि समाधान दिवस तभी सार्थक होगा जब पुराने लंबित मामलों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  रायबरेली पहुंचीं अपर्णा यादव, छात्राओं-महिलाओं की सुनीं समस्याएं, विपक्ष पर साधा निशाना

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link