Sports

अभिषेक शर्मा ने तोड़ा सूर्या और फिल सॉल्ट का रिकॉर्ड! महज 28 पारियों में कर दिखाया ये कमाल

अभिषेक शर्मा ने टी20 में सिर्फ 528 गेंदों में 1000 रन पूरे कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वह विराट कोहली के बाद सबसे कम पारियों में यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

स्पोर्ट्स डेस्क, 8 नवंबर 2025 :

टीम इंडिया के यंग और डायनामिक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में कमाल कर दिखाया है। उन्होंने सिर्फ 528 गेंदों में अपने 1000 रन पूरे कर लिए, जो किसी भी फुल मेंबर टीम के खिलाड़ी के लिए सबसे तेज रिकॉर्ड है। इस शानदार उपलब्धि के साथ अभिषेक ने सूर्यकुमार यादव की 573 गेंदों और फिल सॉल्ट की 599 गेंदों की उपलब्धि को भी पछाड़ दिया है।

अभिषेक ने यह शानदार उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मैच में हासिल की। जैसे ही उन्होंने 11 रन पूरे किए, उन्होंने अपने 1000 टी20 रन भी पूरे कर लिए। इस दौरान किस्मत ने भी उनका साथ दिया क्योंकि उन्हें दो बार जीवनदान मिला।

पहला मौका तब आया जब मैक्सवेल ने उनका कैच छोड़ दिया और दूसरा जीवनदान नाथन एलिस की गेंद पर मिला जब फील्डर ड्वारशुइस गेंद को पकड़ नहीं पाए। अभिषेक उस समय सिर्फ 11 रन पर खेल रहे थे।

अब बात करें भारतीय बल्लेबाजों की जो सबसे कम पारियों में 1000 टी20 रन तक पहुंचे हैं, तो इस लिस्ट में अभिषेक दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली हैं जिन्होंने यह कारनामा 27 पारियों में किया था।

भारत के बल्लेबाज जिन्होंने सबसे कम पारियों में 1000 टी20 रन बनाए

विराट कोहली – 27 पारियां

अभिषेक शर्मा – 28 पारियां

केएल राहुल – 29 पारियां

सूर्यकुमार यादव – 31 पारियां

रोहित शर्मा – 40 पारियां

अभिषेक की बल्लेबाजी का अंदाज हमेशा से आक्रामक रहा है। उन्होंने पावरप्ले में ताबड़तोड़ रन बनाकर टीम इंडिया को कई बार बेहतरीन शुरुआत दिलाई है। यही वजह है कि उन्हें भविष्य में वनडे और टेस्ट में भी ओपनिंग का मौका मिल सकता है।

मैच की बात करें तो जब यह रिकॉर्ड बना, तब भारत का स्कोर 4.5 ओवर में बिना विकेट के 52 रन था। उस समय शुभमन गिल 16 गेंदों पर 29 रन और अभिषेक शर्मा 13 गेंदों पर 23 रन बनाकर खेल रहे थे। लेकिन तभी तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका के चलते अंपायर ने खेल रोक दिया। दोनों टीमों के खिलाड़ी डगआउट लौट गए ।

अभिषेक का यह रिकॉर्ड दिखाता है कि भारतीय क्रिकेट को एक और स्टार मिल गया है। उनकी फॉर्म और आत्मविश्वास बता रहे हैं कि आने वाले समय में वह टीम इंडिया के लिए कई और बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button