लगातार तीन दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार ने ली राहत की सांस, सेंसेक्स-निफ्टी में आया उछाल
तीन दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में आज रिकवरी देखने को मिली, जहां सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं
बिजनेस डेस्क, 18 दिसंबर 2025 :
तीन दिन की लगातार गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में आज सकारात्मक रुख देखने को मिला। सेंसेक्स 100 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 84,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी करीब 50 अंक चढ़कर 25,850 के आसीय पास बना हुआ है। बाजार में आज IT और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में खरीदारी दिखी, जबकि ऑटो और एनर्जी शेयरों पर दबाव नजर आया।
ग्लोबल बाजारों का मिला-जुला संकेत
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में कमजोरी दिखाई दी। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.90 प्रतिशत गिरकर 3,979 पर और जापान का निक्केई 1.29 प्रतिशत टूटकर 48,874 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.37 प्रतिशत गिरकर 25,374 पर है, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 0.16 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 3,876 पर कारोबार कर रहा है। अमेरिकी बाजारों में 17 दिसंबर को डाउ जोन्स 0.47 प्रतिशत गिरकर 47,885 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डेक कंपोजिट 1.81 प्रतिशत चढ़ा और S&P 500 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
IPO में निवेश का आज अंतिम मौका
KSH इंटरनेशनल लिमिटेड का IPO निवेशकों के लिए आज बंद हो रहा है। यह इश्यू 16 दिसंबर को खुला था। कंपनी इस IPO के जरिए कुल 710 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसमें 420 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रमोटर्स 290 करोड़ रुपये के शेयर ऑफर फॉर सेल के तहत बेच रहे हैं।
FII की बिकवाली, DII का मजबूत सपोर्ट
बीते कल विदेशी निवेशकों ने 1,172 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 769 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दिसंबर में 17 तारीख तक FIIs कुल 22,284 करोड़ रुपये के शेयर बेच चुके हैं। इसके मुकाबले DIIs ने 43,609 करोड़ रुपये की खरीदारी की है। नवंबर महीने में भी FIIs ने 17,500.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे, जबकि DIIs ने 77,083.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। साफ है कि बाजार को घरेलू निवेशकों का मजबूत समर्थन मिल रहा है।






