राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 7 जनवरी 2026:
प्रयागराज महाकुंभ-2025 के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ के बीच सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने अहम भूमिका निभाई। इस उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तराखंड एसडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था तथा पुलिस मुख्यालय के मुख्य प्रवक्ता एसके मीणा ने बुधवार को सरदार पटेल भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के विशेष आग्रह पर उत्तराखंड एसडीआरएफ की एक कंपनी को महाकुंभ ड्यूटी में तैनात किया गया था। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में 112 सदस्यीय एसडीआरएफ दल ने 24 जनवरी से 27 फरवरी 2025 तक संगम नोज सहित अन्य अति संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं।

एसडीआरएफ टीम ने महाकुंभ के दौरान वाटर रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, लापता श्रद्धालुओं की सहायता, समन्वित खोज एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ अन्य आवश्यक सेवाओं में अत्यंत निष्ठा, अनुशासन और तत्परता का परिचय दिया। कठिन परिस्थितियों और भारी जनसैलाब के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिससे आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
इस अनुकरणीय सेवा और सराहनीय योगदान के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखंड एसडीआरएफ के सभी अधिकारियों एवं जवानों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसके मीणा ने बताया कि इस अनुभव को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाले अर्द्ध महाकुंभ की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी हैं।
उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ ने प्रयागराज महाकुंभ-2025 के दौरान एसडीआरएफ द्वारा प्रदर्शित उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए समस्त अधिकारियों एवं जवानों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि जन रेस्क्यू और जनसेवा के क्षेत्र में एसडीआरएफ की भूमिका अत्यंत प्रशंसनीय रही है। भविष्य में भी इसी समर्पण और तत्परता के साथ कार्य करते रहने के लिए जवानों को प्रेरित किया।
प्रयागराज महाकुंभ-2025 में उत्तराखंड एसडीआरएफ की यह सफलता न केवल राज्य के लिए गर्व का विषय है बल्कि आने वाले बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए एक मजबूत उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।






