यूपी सरकार का बड़ा फैसला: 14 नहीं अब 15 जनवरी को मकर संक्रांति की छुट्टी, जानिए 2026 में कितने होंगे राजकीय अवकाश
यूपी सरकार ने मकर संक्रांति पर बड़ा फैसला लेते हुए 15 जनवरी 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है, जबकि पहले 14 जनवरी को केवल वैकल्पिक छुट्टी थी। इस मौके पर सरकारी दफ्तर, स्कूल व बैंक बंद रहेंगे
लखनऊ, 12 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति के अवकाश को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश की योगी सरकार ने अब 15 जनवरी 2026, गुरुवार को मकर संक्रांति के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इससे पहले सरकार की ओर से 14 जनवरी को केवल निर्बंधित यानी वैकल्पिक अवकाश रखा गया था।
सरकार की ओर से 17 नवंबर 2025 को जारी अवकाश सूची में 14 जनवरी 2026 को निर्बंधित अवकाश घोषित किया गया था। इसका मतलब यह था कि कर्मचारी अपनी इच्छा के अनुसार छुट्टी ले सकते थे, लेकिन यह अनिवार्य सार्वजनिक अवकाश नहीं था। बाद में इस निर्णय पर दोबारा विचार किया गया।

नए आदेश के तहत अब 14 जनवरी की जगह 15 जनवरी 2026 को मकर संक्रांति का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यह अवकाश निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के अंतर्गत घोषित किया गया है। इस दिन प्रदेश भर में सरकारी दफ्तर, स्कूल, कॉलेज और बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे।
मकर संक्रांति को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के बाद वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश में कुल राजकीय अवकाशों की संख्या 25 से बढ़कर 26 हो गई है। वहीं निर्बंधित अवकाशों की संख्या अब 31 रहेगी। इसके अलावा गणतंत्र दिवस और होलिका दहन सोमवार को पड़ने के कारण, उससे पहले शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश जुड़ने से कर्मचारियों को लगातार तीन दिन की छुट्टी का लाभ मिलेगा।






