अयोध्या, 24 जनवरी 2026:
डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में
उत्तर प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जिले की 63000 बहनों को साक्षर बनाने को ‘मिशन विद्याशक्ति’ जिला योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रयागराज में स्नान को लेकर हुए शंकराचार्य विवाद का जल्द समाधान हो जाएगा।
विवेकानंद सभागार में भारी भीड़ के बीच प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने केंद्र व प्रदेश की योजनाओं का बखान किया और यूपी की तरक्की की बात कही। इस दौरान उन्होंने कन्या विवाह सहायता योजना के लाभार्थियों को सम्मानित कर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त उपचार का आयुष्मान कार्ड सौंपा।

मंत्री ने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की निरक्षर महिलाओं को साक्षर बनाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के लिए 80 प्रतिशत अनुदान पर अनुमन्य लाभार्थी कृषक उत्पादक संगठन को प्रतीकात्मक चाबी सौंपी एवं जिले में कृषि के क्षेत्र में बहुमंजलीय सहफसली खेती करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसान को सम्मानित किया एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रयागराज में अनशन पर बैठे ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि अन्य संतों ने संगम में स्नान किया है, संभव है कि कुछ कारणों से शंकराचार्य स्नान नहीं कर पाए हों। पूरे मामले पर प्रयागराज प्रशासन नजर बनाए हुए है और समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।






