Lucknow City

LU न्यू कैंपस में लॉ छात्रों का प्रदर्शन, रिजल्ट में मनमानी का आरोप, रिवाइज की मांग पर अड़े छात्र

LLB थर्ड ईयर के छात्रों ने फैकल्टी मेंबर्स पर नंबर देने में मनमानी करने का लगाया गंभीर आरोप, अधिकारियों ने किया छात्रों को समझाने-बुझाने का प्रयास

लखनऊ, 2 फरवरी 2026:

लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस में सोमवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब लॉ के छात्रों ने परीक्षा परिणाम में कथित अनियमितताओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। एलएलबी थर्ड ईयर के छात्रों ने फैकल्टी मेंबर्स पर नंबर देने में मनमानी करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार के रिजल्ट ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। छात्रों का कहना है कि कई टॉपर विद्यार्थियों को बेहद कम अंक दिए गए हैं। इससे उनकी मेरिट बुरी तरह प्रभावित हुई है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों के अनुसार 30 जनवरी को एलएलबी थर्ड ईयर का परिणाम घोषित किया गया था। रिजल्ट सामने आते ही छात्र हैरान रह गए। प्रदर्शन में शामिल छात्रों का आरोपी है कि कई मेधावियों को 100 में से महज 8 या 9 अंक दिए गए हैं जबकि कुछ छात्रों को उसी विषय में 90 से 95 अंक तक मिले हैं। छात्रों का आरोप है कि यह अंतर सामान्य नहीं हो सकता और इससे मूल्यांकन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि इंटरनल मार्क्स में भी बड़े पैमाने पर खेल किया गया है।

WhatsApp Image 2026-02-02 at 4.18.03 PM

छात्रों के हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर डीन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कई सदस्य पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित छात्र रिजल्ट रिवाइज कराने की मांग पर अड़े रहे। छात्रों का कहना था कि जब उन्होंने डीन से शिकायत की तो जवाब मिला कि अब रिजल्ट जारी हो चुका है और कुछ नहीं किया जा सकता। इसी बयान से छात्रों का गुस्सा और भड़क गया।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए धरना दिया और बाद में कॉरिडोर में घेरा बनाकर बैठ गए। कैंपस में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। डीन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने कई दौर की बातचीत कर छात्रों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अडिग रहे। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर परिणाम में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें  हापुड़ में कृषि चौपाल : 450 किसानों ने सुनाई बदली जिंदगी की दास्तान, गन्ना मूल्य वृद्धि पर दिखे गदगद

One Comment

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link